
Pashu Parichar Result 2025
Pashu Parichar Result 2025: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने पशुपरिचर भर्ती परीक्षा 2024 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। बोर्ड के अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षार्थी शुक्रवार से आधिकारिक वेबसाइट rsmssb.rajasthan.gov.in पर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। हालांकि, अभी वेबसाइट पर रिजल्ट का लिंक एक्टिव नहीं हुआ है। बता दें कि यह परीक्षा प्रदेशभर में पिछले वर्ष 1, 2 और 3 दिसंबर को आयोजित की गई थी। कुल 6,433 पदों के लिए यह भर्ती प्रक्रिया चलाई गई, जिसमें अनुमानित 10 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। इनमें से करीब 3 लाख 82 हजार उम्मीदवार परीक्षा में सफल रहे हैं। फिलहाल, तकनीकी कारणों के चलते मेरिट सूची जारी नहीं की जा सकी है, लेकिन बोर्ड का कहना है कि जल्द ही यह समस्या दूर कर दी जाएगी और परिणाम वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि वेबसाइट पर परिणाम देखने में कोई समस्या आ रही हो या लिंक न खुले, तो घबराएं नहीं। परीक्षार्थी राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के आधिकारिक टेलीग्राम चैनल से जुड़ सकते हैं। वहां परिणाम की पीडीएफ साझा की जाएगी, जिससे अभ्यर्थी आसानी से अपना नाम खोज सकते हैं। साथ ही बोर्ड के सचिव ने भी रिजल्ट फाइल के लिंक को अपने "X" हैंडल पर साझा किया है। इसलिए रिजल्ट वहां से भी चेक किया जा सकता है।
बोर्ड ने जानकारी दी कि चयन प्रक्रिया के अगले चरण में तीन गुना अधिक उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाएगी।
इस भर्ती परीक्षा के नतीजों का अभ्यर्थी पिछले चार महीनों से इंतजार कर रहे थे। अब बोर्ड ने रिजल्ट जारी कर दी है। यह परीक्षा दिसंबर 2024 में कुल 6433 पदों के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें 17,63,897 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। हालांकि, परीक्षा में 10,52,565 उम्मीदवार ही शामिल हो सके। परीक्षा की प्रारंभिक आंसर-की 24 जनवरी को जारी की गई थी।
Updated on:
4 Apr 2025, 8:56 AM IST
Published on:
4 Apr 2025, 8:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.