
RBSE Prize Money
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (Rajasthan Board of Secondary Education) ने राज्य में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दी जाने वाली एकल, द्विपुत्री योग्यता पुरस्कार राशि में संशोधन करते हुए वृद्धि की है। बोर्ड की सचिव मेघना चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर पुरस्कार राशि में वृद्धि की गई है। बोर्ड द्वारा ऐसी प्रतिभाशाली बालिकाएं, जिन्होंने राज्य एवं जिला स्तर पर निश्चित स्थान तक निर्धारित कट ऑफ अंक या अधिक अंक प्राप्त किए हो और जो अपने परिवार की एकमात्र संतान या परिवार में दो संतानें है और दोनों पुत्रियां या तीनों पुत्रियां, जिनमें से एक पुत्री के बाद दो जुड़वा पुत्रियां हैं, पुरस्कार हेतु पात्र मानी जाएंगी।
2018 बोर्ड परीक्षा के लिए भी मिलेगी पुरस्कार राशि
उन्होंने बताया कि अब राज्य स्तर पर सीनियर सेकंडरी परीक्षा के विज्ञान, वाणिज्य, कला, व्यवसायिक एवं वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में दी जाने वाली पुरस्कार राशि 31 हजार से बढ़ाकर 51 हजार की गई है। इसी तरह राज्य स्तर पर सेकंडरी, व्यवसायिक एवं प्रवेशिका परीक्षा में दी जाने वाली पुरस्कार राशि 21 हजार से बढ़ाकर 31 हजार रुपए कर दी गई है।
जिला स्तर पर सीनियर सेकंडरी परीक्षा के विज्ञान, वाणिज्य, कला, व्यावसायिक एवं वरिष्ठ परीक्षा में दी जाने वाली पुरस्कार राशि को बढ़ाकर पांच हजार से 11 हजार रुपए किया गया है। इसी तरह जिला स्तर पर सेकंडरी, व्यवसायिक, प्रवेशिका परीक्षा में दी जाने वाली पुरस्कार राशि को पांच हजार रुपए से बढ़ाकर 11 हजार रुपए किया गया है। उन्होंने बताया कि संशोधित पुरस्कार राशि का भुगतान बोर्ड परीक्षा 2018 के लिए भी लागू होगा।
Updated on:
8 Oct 2019, 1:45 PM IST
Published on:
8 Oct 2019, 1:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.