सुप्रीम कोर्ट ने कोविड-19 महामारी और युद्ध के कारण यूक्रेन, चीन और फिलीपींस से लौटे भारतीय मेडिकल छात्रों को भारत के किसी भी मेडिकल कॉलेज में पंजीकरण के बिना राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मौजूदा पाठ्यक्रम और दिशानिर्देश के अनुसार एमबीबीएस अंतिम परीक्षा दो प्रयासों में उत्तीर्ण करने की अनुमति दी है। कोर्ट ने केंद्र के सुझावों में संशोधन करते हुए स्टूडेंट्स को केवल एक अवसर देने के बजाय परीक्षा पास करने के दो अवसर देने का फैसला किया है। इससे पहले, केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को सूचित किया था कि यूक्रेन से भारत लौटने वाले छात्रों को किसी भी मौजूदा मेडिकल कॉलेजों में दाखिला लिए बिना, एमबीबीएस फाइनल भाग एक और भाग दो, दोनों परीक्षाओं को पास करने का एक ही मौका दिया जाएगा। कोर्ट ने एमबीबीएस छात्रों को फाइनल परीक्षा को दो प्रयासों में उत्तीर्ण करने की अनुमति देकर मेडिकल छात्रों की सभी याचिकाओं का निस्तारण कर दिया।