वोटों का बंटवारा रोकने का प्रयास
तिजारा विधानसभा क्षेत्र हरियाणा से सटा है। इसके एक तरफ रेवाड़ी, दूसरी तरफ नूंह मेवात है। हरियाणा की हवा से तिजारा की राजनीति अछूती नहीं रही है। यही कारण है कि विधानसभा चुनाव में यहां ध्रुवीकरण से बच पाना आसान नहीं है। दोनों ही प्रमुख दल वोटों के बंटवारे को लेकर चौकन्ने हैं। इसका कारण है कि पिछले दो विधानसभा चुनाव में यहां मेव समुदाय के दो प्रत्याशी खड़े होने से वोटों का बंटवारा हुआ, जिससे यहां एक बार भाजपा और दूसरी बार बसपा प्रत्याशी को जीत मिली। मेव समुदाय इस बार यह गलती दोहराता नहीं दिख रहा। वहीं भगवा खेमा भी वोटों का बंटवारा रोकने के प्रयास में जुटा है। रोहतक स्थित अस्थल बोहर मठ के महंत बालकनाथ की चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे मठ से जुड़े लोग हिंदुत्व के मुद्दे को धार देने में कसर नहीं छोड़ रहे। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान को मेवात का पूरा समर्थन मिल रहा है।