भाजपा, सपा व बसपा को आइना दिखाते हुए कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहाकि, केंद्र की भाजपा सरकार ने जब देश की सरकारी संपत्तियों को ही बेच डाला तो वह युवाओं को रोजगार कहां से देगी। कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों का कर्जा माफ होगा, बिजली का बिल हाफ होगा। 20 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। किसानों को धान व गेहूं की कीमत ढाई हजार रुपए प्रति कुंतल दी जाएगी। यूपी विधानसभा चुनाव के छठे चरण के प्रचार के लिए प्रियंका गांधी बलिया जिले के बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के बांसडीह पहुंची। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी पुनीत पाठक चुनाव लड़ रहे हैं। पुनीत पाठक के समर्थन में निकाले गए रोड शो के लिए इस विधान सभा में वह पहली बार पहुंची प्रियंका गांधी ने कांग्रेस को जिताने की अपील की। गांधी परिवार की बिटिया को देखने के लिए भारी संख्या में लोग उमड़े थे। जनसैलाब का आलम यह रहा कि लोगों की भीड़ के बीच से रोड शो बमुश्किल ही आगे बढ़ पा रहा था।