नीदरलैंड बेस्ड इलेक्ट्रिक व्हीकल स्टार्टअप Lightyear ने हाल ही में अपने इस कार को पेश किया है। कंपनी का मानना है कि ये इलेक्ट्रिक कार (Electric Car) वास्तव में नीदरलैंड जैसे देश में भी दो महीने तक बिना चार्ज किए चल सकती है, जहां पर महीनों तक बर्फीली परतें जमीं रहती हैं। यहां ये ध्यान देना जरूरी है कि, ये आंकड़े प्रतिदिन औसतन 35 किलोमीटर तक की दूरी के आधार पर तैयार किए गए हैं। साथ ही, इसके लिए कार मालिकों को अपने वाहन बाहर पार्क करने होंगे ताकि EV में लगे सोलर पैनल सूरज की रोशनी से ऊर्जा लेकर बैटरी को चार्ज करते रहें।
Lightyear 0 इलेक्ट्रिक कार को लेकर दावा किया जा रहा है कि ये वाहन सौर उर्जा से प्रतिवर्ष 11,000 किलोमीटर तक का सफर कर सकती है। इसके लिए इसमें 54 वर्गफुट के बड़े पेटेंटेड सोलर पैनल लगाए गए हैं जो कि हर वक्त सूर्य की रोशनी से उर्जा लेकर कार की बैटरी को चार्ज करते रहते हैं। कंपनी का दावा है कि ये कार केवल सौर उर्जा पर तकरीबन 70 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देगी।