
Amaal Malik and Tanishk Bagchi (IMDb)
Saiyaara songs and controversy: म्यूजिक कंपोजर अमाल मलिक और तनिष्क बागची के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुई जुबानी जंग अब गंभीर आरोपों तक पहुंच गई है। पहले जहां दोनों के बीच 'सैयारा' के गानों और रॉयल्टी को लेकर विवाद हुआ, तो वहीं अब अमाल ने तनिष्क पर प्राइवेट लाइफ और कथित 'मी टू' मामले को लेकर भी आरोप लगाए हैं। तनिष्क ने इन आरोपों को खारिज करते हुए भावुक प्रतिक्रिया दी है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब तनिष्क बागची ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्हें फिल्म 'सैयारा' के गानों की रॉयल्टी नहीं मिली। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी पोस्ट हटा दी और इसके बाद यशराज फिल्म्स (YRF) ने इस मुद्दे पर अपना आधिकारिक पक्ष रखा। बता दें, इसी बीच अमाल मलिक ने बिना नाम लिए एक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने तनिष्क को रीमिक्स कल्चर को बढ़ावा देने वाला बताया। साथ ही, आरोप लगाया कि 'सैयारा' का गाना फहीम अब्दुल्ला और अरसलान निजामी के काम से लिया गया है।
तनिष्क की ओर से जवाब आने के बाद अमाल मलिक ने सोशल मीडिया पर एक और पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने तनिष्क पर बेहद गंभीर व्यक्तिगत आरोप लगाए। बता दें, अमाल ने दावा किया कि तनिष्क ने एक महिला को शादी का वादा किया, बाद में उसे छोड़ दिया और किसी अन्य से विवाह कर लिया। उन्होंने अपने पोस्ट में कथित तौर पर 'मी टू' मामले का भी जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या वो मामला सुलझा लिया गया है। इसके अलावा अमाल ने आरोप लगाया कि उन्हें महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का नाम लेकर परोक्ष रूप से धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने लिखा कि यदि मामला आगे बढ़ाना है तो वो अदालत में इसका सामना करने के लिए तैयार हैं।
अमाल के आरोपों के बाद तनिष्क बागची ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनके पास किसी के खिलाफ इस तरह के अभियान चलाने के लिए न समय है और न ही सोर्स। उन्होंने ये भी कहा कि वो हमेशा अमाल मलिक के सिंगिग का सम्मान करते रहे हैं और उनसे अनुरोध किया कि उनके खिलाफ गलत आरोप न लगाए जाएं।
बता दें, तनिष्क ने अपनी निजी परिस्थितियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता का निधन हो चुका है और उनकी मां कैंसर से जूझ रही हैं। उन्होंने कहा कि वो दिन-रात मेहनत कर रहे हैं ताकि परिवार और मां के इलाज का खर्च उठा सकें। ऐसे में उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप बेहद दुखद हैं।
अमाल मलिक ने अपनी पोस्ट में साफ संकेत दिया कि यदि विवाद जारी रहा तो मामला अदालत तक जाएगा। दूसरी ओर, तनिष्क बागची ने भी सभी आरोपों को अस्वीकार करते हुए कहा कि उनके खिलाफ गलत बातें फैलाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल दोनों सिंगर के आरोप-प्रत्यारोप सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि, इन व्यक्तिगत आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और किसी भी पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक कानूनी दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया गया है।
Updated on:
24 Jul 2026 07:39 pm
Published on:
24 Jul 2026 07:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
