
370 Biryani Controversy (सोर्स- @kushakapila)
370 Biryani Controversy: सोशल मीडिया पर इन दिनों 370 रुपये वाली बिरयानी विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। प्रणित मोरे के एक स्टैंडअप कॉमेडी शो के दौरान एक शख्स द्वारा की गई टिप्पणी ने ऐसा बवाल खड़ा किया कि मामला सिर्फ इंटरनेट बहस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें कॉमेडियन्स, कंटेंट क्रिएटर्स और कॉर्पोरेट कंपनियां भी शामिल हो गईं। अब इस पूरे विवाद पर मशहूर कंटेंट क्रिएटर और अभिनेत्री कुशा कपिला ने अपनी प्रतिक्रिया देकर चर्चा को और तेज कर दिया है।
कुछ दिनों पहले एक स्टैंडअप कॉमेडी शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। शो के दौरान ऑडियंस में मौजूद एक युवक ने डेटिंग से जुड़ा अनुभव साझा करते हुए ऐसा बयान दिया जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने महिलाओं के प्रति अपमानजनक और असंवेदनशील माना। वीडियो इंटरनेट पर फैलते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते ये क्लिप सोशल मीडिया का बड़ा मुद्दा बन गई।
कई यूजर्स ने इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताया, जबकि कुछ लोगों ने कॉमेडी के नाम पर ऐसी बातों को बढ़ावा देने पर सवाल खड़े किए। विवाद बढ़ने के बाद वीडियो से जुड़े हर व्यक्ति की भूमिका पर चर्चा शुरू हो गई।
इसी बीच अभिनेत्री और डिजिटल क्रिएटर कुशा कपिला ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को ऐसी टिप्पणियों के खिलाफ खुलकर आवाज उठानी चाहिए और किसी भी तरह के डर में नहीं रहना चाहिए।
कुशा ने साफ तौर पर कहा कि किसी मंच पर किस तरह का कंटेंट दिखाया जाए, ये एक सोच-समझकर लिया गया फैसला होता है। उनके मुताबिक, अगर कोई वीडियो सार्वजनिक रूप से शेयर किया जाता है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि महिलाओं द्वारा ऐसे कंटेंट के खिलाफ आवाज उठाना सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
कुशा कपिला ने इस बहस को सिर्फ एक वायरल वीडियो तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने ये सवाल भी उठाया कि क्या किसी मंच पर कही गई बातों से पूरी तरह दूरी बनाई जा सकती है? उनके मुताबिक, अगर कोई बातचीत किसी शो का हिस्सा बनती है और बाद में उसी क्लिप को सार्वजनिक किया जाता है, तो उससे जुड़ी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। कुशा ने लंबा चौड़ा पोस्ट लिखते हुए कहा कि अब बकवास किया है तो ड्रैग भी करो अच्छे से। इतना ही नहीं, उन्होंने तो खुद के पैसों से बिरयानी ऑर्डर करके खाने की भी बात कही।
उन्होंने पुरुषों से भी अपील की कि वो महिलाओं के खिलाफ कही जाने वाली अपमानजनक बातों पर चुप न रहें और खुलकर विरोध दर्ज करें।
विवाद बढ़ने के बाद शो से जुड़े कॉमेडियन ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और माना कि उन्हें उस समय अलग प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी। दूसरी ओर विवादित टिप्पणी करने वाले युवक ने भी खेद जताया और अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद कर दिए।
हालांकि इंटरनेट पर बहस यहीं नहीं रुकी। मामला तब और चर्चा में आ गया जब युवक की कंपनी ने उससे अलग होने का फैसला किया। कंपनी का कहना था कि भले ही कार्यस्थल पर उसके व्यवहार को लेकर कोई शिकायत नहीं थी, लेकिन सार्वजनिक विवाद का असर कंपनी की छवि पर पड़ रहा था।
Updated on:
10 Jun 2026 07:08 am
Published on:
10 Jun 2026 07:08 am
