
प्रियंका चोपड़ा के बाद परिणीति ने भी फ्लाइट में मनाया करवा चौथ (सोर्स: Instgram-parineetichopra)
Parineeti Chopra Karwa ChauthVideo: करवा चौथ पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं और रात में चांद देखने के बाद अपना व्रत खोलती हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा ने इस बार कुछ अलग अंदाज में करवा चौथ मनाया। उन्होंने अपने हसबैंड और नेता राघव चड्ढा के साथ 35 हजार फीट की ऊंचाई पर फ्लाइट में ही चांद देखकर व्रत खोला। बता दें, परिणीति ने इस खास मोमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
परिणीति चोपड़ा ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें वह पति राघव चड्ढा के साथ फ्लाइट में नजर आ रही हैं। वीडियो में दोनों साथ मिलकर चांद देखते हैं। इसके बाद राघव अपनी पत्नी को पानी पिलाकर उनका व्रत खुलवाते हैं और उन्हें खाना खिलाते हैं।
इस खास मौके पर परिणीति पारंपरिक सूट में नजर आईं। उन्होंने अपने लुक को सिंदूर के साथ पूरा किया। वीडियो शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने लिखा, "हम जहां भी हों, वहीं करवा चौथ है। भले ही वह 35,000 फीट की ऊंचाई पर क्यों न हो!" राघव की तारीफ करते हुए परिणीति ने आगे लिखा कि वह उनके सभी सपने पूरे करते हैं। उन्होंने अपने पति को सबसे बेहतरीन इंसान और सबसे प्यारा साथी बताया।
परिणीति के इस वीडियो ने फैंस को उनकी बहन प्रियंका चोपड़ा की करवा चौथ से जुड़ी एक पुरानी कहानी याद दिला दी। साल 2025 में 'द कपिल शर्मा शो' में पहुंचीं प्रियंका ने बताया था कि एक बार बादलों और बारिश की वजह से उन्हें चांद दिखाई नहीं दे रहा था।
प्रियंका के मुताबिक, उस समय उनके पति निक जोनास का स्टेडियम में कॉन्सर्ट चल रहा था, जहां करीब 60-70 हजार लोग मौजूद थे। उन्होंने रात 10 बजे से लेकर 11 बजे तक चांद का इंतजार किया, लेकिन बादलों की वजह से चांद नजर नहीं आया। इसके बाद निक उन्हें प्लेन से बादलों के ऊपर ले गए, जहां उन्होंने चांद देखकर अपना करवा चौथ का व्रत खोला। प्रियंका ने इस किस्से को याद करते हुए बताया था कि निक ने उनके लिए यह खास इंतजाम किया था।
परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा की सगाई 13 मई 2023 को नई दिल्ली के कपूरथला हाउस में हुई थी। इस निजी समारोह में दोनों के परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे। इसके बाद 24 सितंबर 2023 को राजस्थान के उदयपुर स्थित द लीला पैलेस में दोनों ने शादी कर ली।
शादी के लिए परिणीति ने गुलाबी रंग का खूबसूरत आउटफिट चुना था, जबकि राघव आइवरी रंग की पोशाक में नजर आए थे। उनकी शादी में कई राजनीतिक नेता और फिल्मी हस्तियां शामिल हुई थीं। 19 अक्टूबर 2025 को परिणीति और राघव एक बेटे के माता-पिता बने। इसके बाद से दोनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं।
Updated on:
30 Oct 2026, 1:00 PM IST
Published on:
30 Oct 2026, 12:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.