31 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘कपड़ा तेरे बाप का, तेल तेरे बाप का’, Ramayana ट्रेलर के बीच वायरल हुआ, ‘आदिपुरूष’ के हनुमान का ये डायलॉग

Ranbir Kapoor Ramayana: नितेश तिवारी की 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर 'आदिपुरुष' का विवादित हनुमान डायलॉग फिर वायरल हो गया।
2 min read
Google source verification
Ramayana And Adipurush dialogue

नितेश तिवारी की 'रामायण' और 'आदिपुरूष' की तुलना हुई तेज (सोर्स: X-@ishivauvach/IMDb)

Ramayana Trailer: नितेश तिवारी की 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर सिर्फ नई स्टारकास्ट और विजुअल्स की ही चर्चा नहीं हो रही,बल्कि ओम राउत की निर्देशन में बनी फिल्म 'आदिपुरुष' भी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। खास तौर पर फिल्म में हनुमान जी का विवादित डायलॉग "कपड़ा तेरे बाप का, तेल तेरे बाप का" दोबारा वायरल हो रहा है। यूजर्स नई 'रामायण' की तुलना 'आदिपुरुष' से करते हुए उस फिल्म के डायलॉग और VFX को याद कर रहे हैं।

रामायण ट्रेलर के बाद ट्रेंड करने लगा आदिपुरुष का डायलॉग

रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे स्टारर 'रामायण' के ट्रेलर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी। जहां एक ओर दर्शक फिल्म के विजुअल्स, यश के रावण अवतार और सनी देओल के हनुमान जी के लुक को लेकर उत्साहित हैं, तो वहीं दूसरी ओर कई यूजर्स 'आदिपुरुष' के चर्चित और विवादित डायलॉग को शेयर कर तुलना कर रहे हैं।

सबसे ज्यादा वायरल हो रहा ये डॉयलॉग

"कपड़ा तेरे बाप का, तेल तेरे बाप का, आग भी तेरे बाप की… और जलेगी भी तेरे बाप की।"

ये डॉयलॉग 'आदिपुरुष' में हनुमान के किरदार के लिए लिखा गया था और इसके राइटर मनोज मुंतशिर थे। रिलीज के समय इस डायलॉग की भाषा को लेकर फिल्म को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था। बता दें, प्रभास और कृति सेनन स्टारर 'आदिपुरुष' रिलीज के बाद VFX, किरदारों की प्रस्तुति और डायलॉग की वजह से लगातार विवादों में रही। फिल्म के कई डायलॉग सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए और बाद में कुछ डायलॉग बदले भी गए। दरअसल, लगभग 500 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में करीब 288.15 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया। हालांकि, फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली नकारात्मक प्रतिक्रियाएं भी मिलीं।

नई रामायण से बढ़ी उम्मीदें

दूसरी ओर, नितेश तिवारी की 'रामायण' को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी बजट वाली और मोस्ट अवेटेड फिल्मों में गिना जा रहा है। खबरों के अनुसार, दो भागों में बन रही इस फ्रेंचाइजी का बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। तो वहीं सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर के बाद दर्शकों के बीच इसके VFX, भव्यता और किरदारों की प्रस्तुति को लेकर काफी उत्सुकता है।

क्या नमित मल्होत्रा ने ओम राउत पर तंज कसा?

इसी बीच, सोशल मीडिया पर रामायण के निर्माता नमित मल्होत्रा के नाम से एक इंस्टाग्राम पोस्ट भी वायरल हो रहा है। पोस्ट में लिखा गया है कि हर थिएटर में ओम राउत के सम्मान में एक सीट रिजर्व की जाए। हालांकि, इस पोस्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इसे फिलहाल वायरल सोशल मीडिया पोस्ट के रूप में ही देखा जा रहा है, न कि आधिकारिक बयान के रूप में।