
वायरल VIDEO पर समय रैना का बयान (सोर्स: x-@OrissaPOSTLive/instagram-SamayRaina )
Samay Raina Instagram Story: स्टैंड-अप कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका कोई कॉमेडी वीडियो नहीं, बल्कि एक फैन का अजीबोगरीब अंदाज में प्यार जताना है। एक शख्स ने समय रैना की तस्वीरों वाले तकिए को करीब 10 मिनट तक किस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। वीडियो वायरल होने के बाद खुद समय रैना ने भी इस पर मजेदार अंदाज में रिएक्ट किया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक शख्स समय रैना की तस्वीरों वाला तकिया पकड़े नजर आ रहा है। वीडियो में वह तकिए को गले लगाता और लगातार किस करता दिखाई देता है। फैन ने इंस्टाग्राम पर वीडियो की एक क्लिप शेयर करते हुए लिखा, "मैंने समय रैना को लगातार 10 मिनट तक किस किया।" फैन ने इस एक्ट का लंबा वर्जन यूट्यूब पर भी शेयर किया है। वीडियो सामने आने के बाद ये सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचने लगा।
वीडियो समय रैना तक भी पहुंचा। उन्होंने फैन की पोस्ट पर कमेंट करते हुए सिर्फ इतना लिखा, "अबे यार।" इसके बाद मंगलवार को कॉमेडियन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी वायरल क्लिप शेयर की। समय ने वीडियो पर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "एक FIR इस पर भी प्लीज।" उनका ये रिएक्शन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
समय रैना का ये रिएक्शन ऐसे समय आया है, जब कुछ महीने पहले वह अपने शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर बड़े विवाद में घिर गए थे। पिछले साल शो के एक एपिसोड में पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया की टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हुआ था।
इसके बाद समय रैना, रणवीर इलाहाबादिया और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। उस समय समय रैना अमेरिका में अपने कॉमेडी टूर पर थे। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अपना बयान दर्ज कराने की अनुमति मांगी थी, लेकिन महाराष्ट्र साइबर ने उनकी मांग खारिज कर दी थी और उन्हें अधिकारियों के सामने पेश होने का निर्देश दिया था। इसके बाद में समय रैना मुंबई में साइबर अधिकारियों के सामने पेश हुए और विवाद को लेकर खेद जताया। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल से 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के सीजन 1 के सभी एपिसोड भी हटा दिए थे।
हाल ही में समय रैना को इस मामले से जुड़े एक अन्य केस में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली। 14 अगस्त को कोर्ट ने शो में दिव्यांग लोगों को लेकर की गई असंवेदनशील टिप्पणियों से जुड़े मामले में समय रैना और चार अन्य कॉमेडियन के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही रद्द कर दी थी। अब फैन के इस अजीबोगरीब वीडियो पर समय रैना का मजाकिया रिएक्शन सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
Updated on:
01 Sept 2026 06:35 pm
Published on:
01 Sept 2026 06:35 pm
