
Sanchita Ugale Death News (सोर्स- @sanchitaugale)
Sanchita Ugale Death News: टीवी इंडस्ट्री की उभरती अभिनेत्री संचिता उगले की मौत ने मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। 'कुमकुम भाग्य', 'वागले की दुनिया', 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' और फिल्म 'छावा' में अपनी पहचान बनाने वाली संचिता के अचानक दुनिया छोड़ जाने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस जांच जारी है, लेकिन इस बीच परिवार और करीबी लोगों के बयान चर्चा का विषय बने हुए हैं। आइए जानते हैं अब तक सामने आए पांच बड़े बयान।
संचिता के चचेरे भाई आकाश उगले ने उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि संचिता सोशल मीडिया पर अक्सर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत से जुड़े वीडियो और पोस्ट देखती थीं। आकाश ने दावा किया कि एक पोस्ट में 14 जून की तारीख का विशेष उल्लेख था और संयोग से संचिता की मौत भी उसी तारीख को हुई।
उन्होंने ये भी कहा कि छोटे शहरों से आने वाले कलाकारों को इंडस्ट्री में खुद को साबित करने के लिए भारी संघर्ष करना पड़ता है, जिसकी कीमत कई बार मानसिक दबाव के रूप में चुकानी पड़ती है।
संचिता के दादा गोपीनाथ उगले ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी पोती ने बिना किसी सिफारिश या बड़े सहारे के अपनी जगह बनाई थी। उन्होंने बताया कि संचिता बेहद प्रतिभाशाली और मेहनती थी। परिवार को आज भी समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उसने इतना बड़ा कदम उठा लिया। उनके मुताबिक संचिता का किसी से कोई बड़ा विवाद नहीं था और वो अपने करियर में लगातार आगे बढ़ रही थी।
संचिता की दोस्त और सह-अभिनेत्री ज्योत्सना चंदोला ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो साझा करते हुए कहा कि मानसिक तनाव किसी भी इंसान को अंदर से तोड़ सकता है। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपनी परेशानियों के संकेत देते हैं, लेकिन आसपास के लोग उन्हें सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। ज्योत्सना ने लोगों से अपील की कि जब कोई अपनी तकलीफ साझा करे तो उसे गंभीरता से सुना जाए।
अभिनेत्री आंचल खुराना ने संचिता की मौत के बाद मनोरंजन उद्योग के दबावों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कलाकारों पर लगातार सफल बने रहने का दबाव रहता है। ऑडिशन, असुरक्षा, काम खोने का डर और मानसिक थकान कई कलाकारों को भीतर से तोड़ देती है। आंचल ने यह भी कहा कि इंडस्ट्री में कई बार कलाकारों को सम्मान और संवेदनशीलता नहीं मिलती, जिससे मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़ता है।
संचिता के साथ काम कर चुके अभिनेता सौरब बेदी का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि संचिता परेशान थीं। बाद में सौरब ने स्पष्ट किया कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने कहा कि संचिता उनकी अच्छी दोस्त थीं और उनके निधन से वो बेहद आहत हैं। सौरब के मुताबिक, उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि संचिता उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन वे उस समय शहर से बाहर थे।
पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिवार, दोस्त और फैंस अब भी इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं कि आखिर एक सफल और उभरती हुई अभिनेत्री ने ऐसा कदम क्यों उठाया। जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।
Updated on:
16 Jun 2026 07:32 am
Published on:
16 Jun 2026 07:29 am
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
