
Shehnaaz Gill respects every religion (instagram-filmygyan)
Shehnaaz Gill statement: एक्ट्रेस शहनाज गिल एक बार फिर अपने बेबाक अंदाज और सकारात्मक सोच को लेकर चर्चा में हैं। एक्ट्रेस अपनी अपकमिंग फिल्म 'इश्कनामा' के प्रमोशन के दौरान उन्होंने धर्म, संस्कृति और एक कलाकार की जिम्मेदारी पर खुलकर बात की। शहनाज गिल ने कहा कि उन्हें बचपन से ही हर धर्म और उसकी परंपराओं का सम्मान करना सिखाया गया है। यही वजह है कि किसी भी किरदार को निभाते समय वो उसकी संस्कृति और रीति-रिवाजों का ईमानदारी से पालन करने की कोशिश करती हैं।
शहनाज गिल ने बातचीत में अपने माता-पिता का जिक्र करते हुए बताया कि उनके घर में कभी किसी धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता हर भगवान के सामने श्रद्धा से सिर झुकाते थे और वही संस्कार उन्हें भी मिले हैं। उनके अनुसार, इंसानियत और सम्मान किसी एक धर्म तक सीमित नहीं होने चाहिए। शहनाज ने बताया, "मेरे माता-पिता ने मुझे हर धर्म का सम्मान करना सिखाया है। हम कलाकार हैं और हमारे लिए हर संस्कृति और हर धर्म बराबर है। जब किसी किरदार को निभाते हैं तो उसकी पहचान और परंपरा का सम्मान करना भी हमारी जिम्मेदारी होती है।"
इसके बाद शहनाज ने अपनी नई फिल्म 'इश्कनामा' का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें वो एक पाकिस्तानी लड़की का किरदार निभा रही हैं। ऐसे में स्क्रीन पर उन्हें उस किरदार की भाषा, बोलचाल और तौर-तरीकों को अपनाना होगा। उन्होंने एक्जैम्पल देते हुए कहा कि अगर उनके किरदार को आदाब कहना है तो वो वही कहेंगी, सिर्फ इसलिए कि वो सिख परिवार से आती हैं, हर जगह सत श्री अकाल कहना उस किरदार के साथ सही नहीं होगा।
इतना ही नहीं, एक्ट्रेस ने आगे कहा कि एक स्टार का काम केवल एक्टिंग करना नहीं, बल्कि उस किरदार की भावनाओं और उसकी दुनिया को ईमानदारी से पर्दे पर उतारना भी होता है। इसलिए वो मानती हैं कि एक्टिंग करते समय निजी पहचान से ज्यादा किरदार की सच्चाई भी जरूरी होती है। शहनाज गिल का ये बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिल्म 'इश्कनामा' को लेकर पहले से ही दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है और अब शहनाज का ये बयान भी चर्चा का विषय बन गया है।
Updated on:
24 Jul 2026 03:00 pm
Published on:
24 Jul 2026 03:00 pm
