
शेखर सुमन के शो 'शेखर टुनाइट' का प्रोमो (Instagram-shekhusuman)
Shekhar Tonight: एक्टर और टीवी होस्ट शेखर सुमन अपने शो ‘शेखर टुनाइट!’ को लेकर चर्चा में हैं। शो के एक प्रोमो में वह कॉमेडियन वीर दास की मजेदार अंदाज में खिंचाई करते नजर आ रहे हैं। शेखर सुमन ने वीर दास से उनके पटना और बिहार से कनेक्शन को लेकर सवाल किया और उनसे बिहारी अंदाज में माफी मांगने तक की बात कह दी।
प्रोमो में शेखर सुमन वीर दास से कहते नजर आते हैं कि उन्होंने अपने बारे में कई बातें छिपाकर रखी हैं और इसी वजह से वह ‘छुपा रुस्तम’ हैं। इसके बाद शेखर सुमन वीर दास के बिहार और पटना कनेक्शन का जिक्र करते हैं।
वो कहते हैं कि वीर दास आधे यूपी और आधे बिहारी हैं। शेखर सुमन इस बात पर मजाकिया अंदाज में नाराजगी जताते हैं कि वीर दास ने उनसे भी यह बात छिपाई कि वो पटना से हैं। वो खुद को ‘पटनिया’ बताते हुए वीर दास से माफी मांगने के लिए कहते हैं।
शेखर सुमन यहीं नहीं रुके। वो वीर दास से कहते हैं कि उन्हें ‘बिहारी में अपोलजाइज’ करना पड़ेगा। इसके बाद मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि सिर्फ एक बार सॉरी बोलने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उन्हें कई बार सॉरी कहना पड़ेगा। शो का ये प्रोमो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है, जिसके बाद वीर दास और शेखर सुमन के बीच हुई इस मजेदार बातचीत पर यूजर्स की नजर गई है।
प्रोमो पर एक यूजर ने शेखर सुमन की तारीफ करते हुए लिखा, ‘शेखर जी जिंदाबाद! आपका पॉलिटिकल सटायर बहुत मजेदार है।’ वहीं दूसरे अन्य यूजर ने बिहार को लेकर टिप्पणी करते हुए लिखा कि ज्यादातर हिम्मत वाले, सीधे और ‘नो नॉनसेंस’ लोग बिहारी क्यों निकलते हैं। शो के प्रोमो में शेखर सुमन ये भी कहते नजर आते हैं, ‘अरे वीर, तुमने झूठ क्यों बोला?’ वहीं शो के सोशल मीडिया पोस्ट में बताया गया है कि इस बातचीत की पूरी कहानी शुक्रवार शाम 6:18 बजे ‘शेखर टुनाइट!’ पर देखने को मिलेगी।
फिलहाल, वीर दास और शेखर सुमन की ये नोकझोंक सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों के बीच हुई बातचीत में बिहार और पटना कनेक्शन के साथ-साथ मजाकिया अंदाज भी देखने को मिल रहा है।
Updated on:
19 Aug 2026 07:07 pm
Published on:
19 Aug 2026 07:07 pm
