
'वन' में डर के साथ दिखेगी आस्था (सोर्स: x-@InsideBoxOffice/@KshitizCritic)
Sidharth Malhotra Upcoming Movie: सिद्धार्थ मल्होत्रा की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'वन' (Vvan) लंबे समय से चर्चा में है। 'परम सुंदरी' के बाद बड़े पर्दे पर सिद्धार्थ की वापसी का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अब फिल्म से जुड़ी नई अपडेट सामने आई है। मेकर्स ने 'वन' की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है।
फिल्म की नई झलक में रहस्यमयी जंगल, अनजानी शक्ति और डर के बीच आस्था का रंग भी देखने को मिलता है। खास तौर पर छठ महापर्व से जुड़ी झलक ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस फिल्म को लेकर अपना उत्साह जाहिर कर रहे हैं।
'वन' की झलक की शुरुआत एक जंगल से होती है। जिसमें बताया जाता है कि उन पेड़ों पर किसी काली और अनजानी शक्ति का पहरा है और जंगल में प्रवेश वर्जित है।
झलक में कहा जाता है कि इतिहास गवाह है कि जो भी रात में उस वन में गया, वो कभी लौटकर नहीं आया। इसके बावजूद एक शख्स की किस्मत उसे उसी जंगल तक ले आती है। फिल्म के किरदार जंगल में दिखाई दे रही अजीब चीजों का मतलब समझने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान सिद्धार्थ मल्होत्रा के किरदार और इस जंगल के बीच किसी कनेक्शन की ओर भी इशारा किया जाता है।
फिल्म की झलक में 'जिनकी शेर सवारी है, हमारी रक्षक हैं वो' जैसी लाइन सुनाई देती है। इसके साथ ही छठ महापर्व से जुड़ी झलक भी नजर आती है, जिसने फिल्म के रहस्यमयी माहौल के बीच आस्था के पहलू को सामने रखा है।
मेकर्स ने फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं रखी है, लेकिन झलक में रहस्य, डर और आस्था का मेल देखने को मिल रहा है।
'वन' की झलक सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के रिएक्शन भी आने लगे हैं। एक यूजर ने सिद्धार्थ मल्होत्रा को नए रोल के लिए शुभकामनाएं देते हुए टीजर को अच्छा बताया।
वहीं, एक यूजर ने फिल्म के हिट होने की उम्मीद जताई। छठ महापर्व की झलक पर प्रतिक्रिया देते हुए एक फैन ने लिखा, 'फिल्म हिट होगी… क्यों कि फिल्म में छठ पूजा है।' एक अन्य यूजर ने लिखा कि बिहारी लोग फिल्म देखने का इंतजार नहीं कर सकते और कमेंट में 'जय छठी मैय्या' भी लिखा। फिल्म की झलक में छठ से जुड़े दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर जिस तरह की प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है, उससे साफ है कि इस हिस्से ने दर्शकों की खास दिलचस्पी बढ़ाई है।
'वन' में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ तमन्ना भाटिया भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इनके अलावा अनूप सोनी, सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी और मनीष पॉल जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म अब 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
Updated on:
30 Aug 2026 05:16 pm
Published on:
30 Aug 2026 05:12 pm
