
अपनी मांगों को लेकर आए दिन चर्चा में बने रहने वाले किसान नेता राकेश टिकैत के खिलाफ अब किसानों ने ही मोर्चा खोल दिया है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर ने टिकैत के खिलाफ सीबीआई जांच करवाकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है, जिसके लिए उन्होंने एक पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखा है। इसके अलावा पवन ठाकुर ने एक ज्ञापन पत्र एटा जिल के अपर जिला अधिकारी प्रशासन आलोक कुमार को सौंपा है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो उनका संगठन दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन करेगा।
कहा, टिकैत ने किसानों को किया गुमराह
बता दें कि भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने कहा है कि राकेश टिकैत काफी समय से किसान आंदोलन के नाम पर किसानों को गुमराह कर रहे हैं और जगह-जगह आंदोलन कराए हैं, जिसका हर्जाना किसानों को बिल वापसी के रूप में उठाना पड़ा। कई जगहों पर किसानों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के नाम पर राकेश टिकैत ने देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर देश मे अराजकता फैलाने के उद्देश्य से बेहिसाब धन अर्जित किया है।
अधिग्रहण के नाम पर किसानों के साथ धोखाधड़ी
पवन ठाकुर ने पत्र में आगे लिखा कि पिछले 40 सालों में राकेश टिकैत और उनके परिवार की संपत्ति में अचानक काफी बढोतरी हुई है। जिसको लेकर उन्होंने पीएम मोदी से सीबीआई जांच कराने की मांग की। पवन ठाकुर ने अपने शिकायती पत्र में लिखा कि राकेश टिकैत द्वारा किसान बिल के विरोध में दिल्ली बॉर्डर पर 2020-21 मे हुए आंदोलन मे देश विरोधी ताकतों से फंडिंग ली गई। नोएडा समेत अन्य महानगरों में सरकारी अधिग्रहण के नाम पर बिल्डरों के साथ मिलकर किसानों के साथ धोखाधड़ी की। इसलिए इस पूरे मामले में सीबीआई जांच कराई जाए और भू-माफिया के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।
Published on:
6 Sep 2022, 12:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.