
Rajpal Yadav
इटावा. बालीवुड व हास्य अभिनेता राजपाल यादव की बेटी ज्योति यादव इटावा की बहू बनने वाली हैं। बताया जाता है कि उनका विवाह भरथना के ग्राम कुसगवां अहिरान निवासी सहकारी बैंक आगरा में सहायक प्रबंधक संदीप यादव पुत्र हाकिम सिंह यादव से तय हुआ है। सूत्र बताते हैं कि ज्योति और संदीप यादव की शादी अगामी 19 नवंबर को होना तय है। बताया जाता है कि शादी से पूर्व के सारे कार्यक्रम इटावा शहर स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में बीएसएनएल के सेवानिवृत्त अधिकारी एनएस यादव के घर से संपन्न हो रहे हैं। इस शादी में कई हस्तियों के आने की सूचना है।
राजपाल यादव के परिवार से उनका सालों पुराना नाता है
जानकारी के मुताबिक बरात 19 नवंबर को राजपाल यादव के पैतृक गांव कुंडरा मंडा तहसील जिला शाहजहांपुर जाएगी। यहां पर फिल्म स्टार आशुतोष राणा सहित बालीवुड के कई कलाकारों के आने की संभावना जताई जा रही है। संदीप यादव के भाई डॉक्टर योगेश यादव ने बताया कि फिल्म अभिनेता राजपाल यादव के परिवार से उनका सालों पुराना नाता है। राजपाल यादव अपने इटावा दौरे के दौरान उनके घर आया-जाया करते थे। इसी दौरान शादी की बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि बातचीत में उनके भाई संदीप यादव का रिश्ता उनकी बेटी से तय हो गया। उन्होंने बताया कि राजपाल यादव दद्दा शिष्य मंडल के कार्यक्रम में आए थे, तब भी उनके घर पर ही रुके थे।
19 नवंबर को बरात फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित निवास से ही जाएगी
संदीप यादव के भाई डॉक्टर योगेश यादव ने बताया कि 19 नवंबर को बरात फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित निवास से ही जाएगी। बरात में करीब 300 लोग जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक साल पहले 16 मार्च 2016 को रिश्ता तया हो गया था। जबकि, 13 नवंबर को तिलक की रस्म अदा की गई थी, जिसमें अभिनेता व संदीप के ससुर राजपाल यादव स्वयं इटावा आए थे। अभी तक शादी को काफी गोपनीय रखा गया था और किसी को इसके बारे में भनक नहीं थी, लेकिन तारीख नजदीक आते ही सभी को जानकारी लगने लगी है।
Published on:
17 Nov 2017 11:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
