इटावा. कोरोना वायरस (Corona Virus) इंसानों के साथ-साथ अब जानवरों के लिए घातक साबित हो रहा है। वायरस का कहर मनुष्य के साथ-साथ जानवरों में भी फैल रहा है। हैदराबाद के नेहरू जूलॉजिकल पार्क में आठ एशियाई शेर के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद इटावा लायन सफारी (Etawah Lion Safari) में शेरनियों में संक्रमण की पुष्टि की गई है। लायन सफारी से जांच के लिए 14 शेर व शेरनियों के सैंपल आईवीआरआई बरेली भेजे गए थे। जांच में जेनिफर में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है जबकि गौरी की रिपोर्ट संदिग्ध है। बाकी 12 की रिपोर्ट निगेटिव है। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (Indian Veterinary Research Institute) ने इसकी पुष्टि की है। इटावा लायन सफारी में संक्रमण की खबर के बाद शेरों के बाड़े और विचरण करने वाले स्थानों को सैनिटाइज कराने का विचार किया गया है। वहीं, संक्रमित शेरों को अलग-अलग वार्ड में भर्ती किया गया है। पशु चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।