
फर्रुखाबाद. थाना मोहम्दाबाद क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपने ससुरालीजनों पर दहेज को लेकर उत्पीड़न व मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का विवाह 8 माह पहले मोहम्दाबाद के एक गांव में हुआ था, लेकिन पति उससे अपने घर से रुपये लाने के लिए दबाव बनाता था। आरोप है कि जिस दिन वह पैसे लाने से मना कर देती थी। पूरा परिवार मिलकर उसके साथ मारपीट करता था। गर्भवती होने के बाद भी उसे घर से निकाल दिया।
पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर अपने साथ घटी पूरी घटना की जानकारी दी। एसपी के आदेश से महिला थाने में ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज एक्ट व मारपीट का मुकदमा दर्ज कर उसका मेडिकल परीक्षण राममनोहर लोहिया अस्पताल में कराया गया। डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि गर्भवती महिला का परीक्षण किया गया है, जिसके शरीर आधा दर्जन चोटों के निशान पाए गए है।
ठीक से चल भी नहीं पा रही थी पीड़िता
पीड़ित महिला अपने भाई के साथ लोहिया अस्पताल पहुंची। वह ठीक से चल भी नहीं पा रही थी। उसने बताया कि 8 महीने पहले उसका निकाह हुआ था। दो महीने तक सबकुछ ठीक चलता रहा, उसके बाद से जेठ ने मोटरसाइकिल की मांग की तो मेरे घरवालों ने मना कर दिया और कहा कि हमारी जितनी हैसियत थी उतना दहेज दे दिया है। बाइक के लिए हमारे पास रुपया नहीं है। उसके बाद मेरे ससुराल वालों ने अत्याचार करना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि इसको मार कर घर में ही दफना दो। इसके घरवालों को बता देंगे कि वह किसी के साथ भाग गई।