
फतेहपुर. जिले की पुलिस के हाथ बड़ी सफलता आयी है। पुलिस ने लूटे गये ट्रक के साथ दो लूटेराेें को गिरफ्तार किया है। दोनों ही अंतरजनपदीय गिरोह के सदस्य बताये जाते हैं। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक श्रीपर्णा गांगुली ने पत्रकार वार्ता में किया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हुसैनगंज थाना क्षेत्र एवं कौशांबी जिले में इन लूटेरों ने ट्रक लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली की एक ट्रक लूट कर लूटेरे भाग रहे हैं। लूटेरे जनपद के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के एक ढ़ाबे से लूटी गयी ट्रक लेकर प्रतापगढ़ जा रहे हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर हुसैनगंज व औंग थाने की पुलिस ने अशनी पुल पर घेरेबंदी कर दी। पुलिस ने बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सामने से एक ट्रक आता हुआ नजर आया। ट्रक को रुकने का इशारा करने पर ट्रक सवार दो लोग फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस कर्मियों ने स्वयं को बचाते हुए दोनों को दौड़ा कर धर दबोचा। पुलिस इसी गिरोह के तीन अन्य लूटेरों की तलाश कर रही है। पकड़े गये दोनों आरोपी प्रतापगढ़ जिले के निवासी बताये जाते हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के एक ढाबे पर ट्रक चालक वाहन खड़ा कर चाय पीने चला गया। इसी बीच मौका पाकर लूटेरे मौका पाकर ट्रक लेकर फरार हो गये थे। अब दो लूटेरों के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि लूटेरों के गिरोह का पर्दाफाश होगा और इनकी निशानदेही पर चोरी के कई वाहन बरामद होंगे।