
UP CM
फिरोजाबाद। जिले में पहली बार नगर निगम में मेयर पद के लिए चुनाव होने जा रहा है। चुनाव से छह दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पी डी जैन इंटर काॅलेज के मैदान में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वे फिरोजाबाद में मेयर व अन्य निकायों के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराने के लिए आए हैं। संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि केन्द्र और प्रदेश दोनों में भाजपा की सरकार है। फिरोजाबाद में भाजपा का मेयर बनने के बाद शहर में विकास के लिए भरपूर धन भेजा जाएगा, जिससे शहर का चहुमंखी विकास संभव हो सकेगा। यह काम तभी हो पाएगा जब शहर का वोटर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का काम करेगा।
प्रदेश में भू माफियाओं की बोलती बंद
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भूमाफिया और अवैध खनन करने वालों की बोलती बंद है। अपहरण का कारोबार करने वाले खुद ही परेशान हैं। इस सरकार में एंटी भूमाफिया टास्क का गठन किया गया है। ये टास्क भू माफियाओं पर अंकुश लगाने का काम करेगा। प्रदेश में गुंडाराज नहीं चलेगा। यह प्रदेश किसान और व्यापारियों के भी हित को ध्यान में रखकर चलेगा। प्रदेश के सभी अवैध बूचड़खानों पर ताला लगा दिया गया है। ऐसे में विरोधियों की भाजपा ने बोलती बंद कर दी है। पूर्व की सरकारों में सत्ता का दुरूपयोग किया गया है। माफियाओं को संरक्षण दिया गया था, लेकिन भाजपा निष्पक्ष सरकार चलाने का काम कर रही है।
2018 में मिलेगा गंगाजल
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस शहर में सबसे बडी परेशानी पानी की है। लोगों को पीने के लिए मीठा पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिलाया कि वर्ष 2018 के छह माह के अंदर फिरोजाबाद के लोगों को गंगाजल का मीठा पानी मिल सकेगा। गंगाजल शहरवासियों की प्यास बुझाने का काम करेगा। प्रदेश के लिए फिरोजाबाद नगर निगम का चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। इस चुनाव में जीत हासिल करने से लोकसभा चुनाव के परिणाम निकलकर सामने आ जाएंगे। प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों के लिए 11 लाख आवास उपलब्ध कराए गए हैं। 13 शहरों को स्मार्ट सिटी और 60 नगरों को अमृत योजना में शामिल किया गया है।
Published on:
23 Nov 2017 03:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
