3 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जब रात में आला अधिकारियों को साथ लेकर डीएम नेहा शर्मा ने मारा छापा…

सिरसागंज के पास हो रहा था काले तेल का गोरखधंधा, फिरोजाबाद डीएम नेहा शर्मा ने की बड़ी कार्रवाई।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

फिरोजाबाद

•

image

suchita mishra

•

Updated: 14 Mar 2018, 12:07 PM IST

DM Neha Sharma

DM Neha Sharma

फिरोजाबाद। मंगलवार की रात करीब 10.30 बजे जिलाधिकारी नेहा शर्मा और अपर जिलाधिकारी उदय सिंह ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों व पुलिस बल के साथएनएच-2 पर सिरसागंज के पास स्थित नगला राधे क्षेत्र में छापा मारा। सूचना मिली थी कि वहां पर मथुरा रिफाइनरी से आने वाले टैंकरों से सड़क निर्माण में प्रयोग होने वाले डामर को कुछ मात्रा में निकाल कर उसमें अन्य मिश्रण मिलाकर मात्रा को पूरा किया जाता है। छापामार कार्रवाई के दौरान श्रीराम होटल के पास एक टैंकर खड़ा हुआ मिला जबकि दो अन्य टैंकरों ने मौके से भागने का प्रयास किया, जिसे आगे पकड़ लिया गया।

बाउंड्रीबाल के अंदर चल रहा था गोरखधंधा
जब डीएम नेहा शर्मा आला अधिकारियों की टीम के साथ इलाके में पहुंची तो देखा कि वहां श्रीराम होटल से लगभग 100 मीटर आगे एक बाउन्ड्री वॉल से घिरे क्षेत्र में काफी पुराने टैंकर में आग लगाकर डामर पिघलाया जा रहा था। इस दौरान आसपास भी आग जलती हुयी मिली। कोई भी व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिला। इसी बाउन्ड्री वॉल के अंदर संदिग्ध सामग्री व बड़ी मात्रा में मिट्टी का तेल बरामद हुआ। फिलहाल जिलाधिकारी ने परिसर को सील करके कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

कुछ दूरी पर भी चल रहा था ऐसा ही काम
छापे के दौरान इलाके से कुछ दूरी पर नव ज्योति होटल के पीछे सुबोध कुमार पुत्र लाखन के प्लाट पर भी इसी प्रकार की गतिविधि होती मिली। सुबोध कुमार ने बताया की उमेश कुमार निवासी दक्षिणी मोहनगंज इटावा रोड सिरसागंज द्वारा उक्त प्लॉट पिछले 21 फरवरी को 2000 रुपए प्रतिमाह की दर से किराये पर दिया गया था। इसके साथ ही एक टैंकर होटल के सामने खड़ा हुआ पाया गया जो कि मथुरा रिफाइनरी से सुबह निकला हुआ था। पूछताछ के बाद जिलाधिकारी ने एसएचओ सिरसागंज को निर्देश दिए कि मौके पर मिले ट्रक ड्राइवर व अन्य से तथ्यों की जानकारी करके पूरे प्रकरण का पर्दाफाश करें।

मुकदमा दर्ज कराने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जिला पूर्ति अधिकारी को मौके पर बुलाकर मिट्टी के तेल प्राप्ति पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिन मालिकों के प्लॉट पर इस प्रकार के अवैध कारोबार संचालित हो रहे हैं, उनके विरुद्ध भी मुकदमा दर्ज कराते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में पहले भी इस प्रकार की गतिविधियों में अनेक लोगों की संलिप्तता मिली थी, जिस पर कार्रवाई की गयी थी। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बार बार इस प्रकार के गलत कार्यों में संलिप्त पाया जाएगा तो उस पर गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच के बाद इसमें किसी बड़ी गड़बड़ी निकलने की सम्भावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। इस दौरान एडीएम उदय सिंह, क्षेत्राधिकारी सिरसागंज, पीडब्ल्यू डी के अधिकारी, एसएच ओ सिरसागंज, जिला पूर्ति अधिकारी मौजूद रहे।