
फिरोजाबाद। सुहागनगरी में तेज आंधी में एक मजदूर छत से नीचे गिर गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। आंधी आने के दौरान चारों मजदूर लेंटर बांधने का काम कर रहे थे।
नसीरपुर थाना क्षेत्र का है मामला
फ़िरोज़ाबाद के थाना नसीरपुर के गांव नानेमऊ में आधी ने अपना रौद्र रूप दिखाया है। दोपहर करीब ढाई बजे यहां मजदूर छत बनाने के लिए निर्माणाधीन घर के लैंटर बांधने का काम कर रहे थे। तभी तेज आंधी आ गई। आंधी से चारों अचानक नीचे गिर गए। इस बीच मजदूर रामसेवक का सिर ईंट से टकराने से उनकी मौत हो गई। वहीं बाकी तीन लोग कच्ची जमीन पर गिरे जिससे वे घायल हो गए।
एसडीएम व सीओ पहुंचे मौके पर
घटना पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। आपको बता दें कि इससे पहले भी सुहागनगरी में आंधी और तूफान ने तबाही मचाई थी। कई लोगों की मौत हो गई थी तो कई को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा था।