फिरोजाबाद। मैनपुरी के थाना औंछा क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ। इस हमले में गोली सिपाही के सिर को छूते हुये निकल गई। मैनपुरी एसएसपी अजय शंकर राय सहित कई पुलिस अधिकारी फिरोजाबाद के पचवां चौराहा स्थित वर्मा नर्सिंग होम में सिपाही ओमपाल चौधरी का इलाज कराने पहुंचे। सिपाही की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया गया है कि औंछा थाना क्षेत्र नाहिल नगरिया में मिट्टी का अवैध खनन रोकने के दौरान पुलिस टीम पर फायर जेसीबी चालक द्वारा किया गया, जिसमें 35 वर्षीय सिपाही ओमपाल सिंह चौधरी बाल बाल बच गए और गोली सिर को छूती हुई निकल गयी। यहां से उपचार कराने के बाद पुलिस टीम ओमपाल सिंह चौधरी को अपने साथ ले गई।