
फिरोजाबाद। अवागढ़ एटा से आगरा जा रहे कार सवार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार युवक घायल हो गया। वहीं घटना के बाद लोगों से बचने के लिए भाग रहे कार सवार ने पुलिसकर्मी को भी चपटे में ले लिया। जिसके बाद पुलिसकर्मी ने कार सवार की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लिया है। घायल बाइक सवार युवक को एफएएच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
एटा रोड पर हुई घटना
थाना पचोखरा क्षेत्र के गांव गढ़ी निर्भय निवासी बलराम सिंह पुत्र निरंजन सिंह सोमवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से टूंडला आ रहा था। वो तहसील के सामने पहुंचा ही था कि पीछे से तेज गति से आ रही कार संख्या डीएल 2 सी एई 4878 सवार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक सवार टक्कर लगते ही दूर जा गिरा। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ ने कार सवार को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने कार दौड़ा दी।
सुभाष चौराहा पर मारी पुलिसकर्मी को टक्कर
सुभाष चौराहा पर कार सवार ने पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार में पीछे बैठे दो युवक निकलकर भाग खड़े हुए। पुलिसकर्मी ने कार चला रहे करन निवासी अवागढ़ को पकड़ लिया। पुलिसकर्मी ने बेल्टों से उसकी पिटाई कर दी। लोगों ने भी युवक को जमकर पीटा। सुभाष चौराहा पर तैनात पुलिसकर्मी कार चालक को लोगों से बचाकर थाने ले गए। कार की स्पीड इतनी तेज थी कि कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना पर बाइक सवार के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक को गंभीर हालत में एफएच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।