एसआईटी ने पकड़े थे कई मामले
एसआइटी द्वारा कुछ सत्र की जांच में पकड़े गए प्रदेश के 4500 शिक्षकों में से 151 फर्जी शिक्षक फिरोजाबाद के निकले थे। मथुरा में कई शिक्षकों पर कार्रवाई के बाद जागरण ने फर्जी शिक्षकों के मामले को प्रमुखता से उठाया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर विधायक मनीष असीजा ने मंगलवार को लखनऊ में विधानसभा की आश्वासन समिति में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि फिरोजाबाद में एसआइटी जांच में 151 फर्जी शिक्षक चिन्हित हुए थे, हालांकि अभी तक इन पर कार्रवाई नहीं हुई है, बहराइच से भी दो शिक्षक आए थे, जिनके फर्जी होने पर बहराइच से बर्खास्तगी हो गई। इसके बाद उन्होंने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा राजप्रताप सिंह के साथ विभाग के अन्य अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया। नगर विधायक ने कहा कि अगर गंभीरता से जांच हो तो ऐसे शिक्षकों की संख्या आठ सौ से एक हजार तक पहुंच सकती है। कई प्रकरण बताते हुए इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। नगर विधायक को अधिकारियों ने जांच कमेटी गठित कर 15 दिन के अंदर फिरोजाबाद भेजने का आश्वासन दिया है।