
yamuna
फिरोजाबाद। थाना नगला सिंघी क्षेत्र में यमुना स्नान करते समय डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। काफी देर बाद ग्रामीणों ने यमुना से बच्चों के शवों को बरामद कर लिया। बच्चों की मौत को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बच्चे यमुना किनारे खेत पर गए थे। करीब एक घंटे बाद बच्चों के शवों को बरामद किया गया।
नगला सिंघी क्षेत्र का मामला
मामला मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे का है। शमसाबाद आगरा के गांव मुक्तिपुरा निवासी छह वर्षीय शिवम पुत्र पप्पू अपनी ननिहाल नगला सिंघी क्षेत्र के गांव पीपरिया आया था। मामा कप्तान सिंह के बेटे आठ वर्षीय टौनी और वह दोनों नानी सावित्री देवी के साथ यमुना किनारे खेतों पर गए थे। नानी चारा लाने के लिए काम में लग गईं जबकि बच्चे नहाने के लिए यमुना की ओर चले गए। चारा लेकर नानी घर आ गईं जबकि बच्चे काफी देर तक वापस नहीं आए। जब बच्चों की फिक्र हुई तो उन्हें खोजने के लिए परिवारीजन यमुना किनारे पहुंचे।
यमुना में बहते मिले शव
सूचना पर ग्रामीण भी यमुना पर पहुंच गए। करीब एक घंटे बाद गांव के ही शैलेन्द्र नामक युवक ने यमुना किनारे बच्चों के शव पानी में बहने की जानकारी दी। परिजनों ने शवों को बाहर निकाला। मासूम बच्चों के शवों को देखकर परिवार में कोहराम मच गया। नानी अपने आप को कोसती नजर आ रही थी तो माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
Published on:
02 Jul 2019 06:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
