29 अक्टूबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ISL-4 : बेंगलुरु ने चेन्नई को 3-1 से हराया, प्लेऑफ में पहुंचना तय

इंडियन सुपर लीग में बेंगुलरु एफसी का शानदार सफर जारी है। मंगलवार को बेंगुलुरु ने चेन्नई को उसके घर में करारी मात दी।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Prabhanshu Ranjan

•

Updated: 7 Feb 2018, 8:59 AM IST

isl

चेन्नई। बेंगलुरु एफसी ने मंगलवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौैथे सीजन के एक बेहद अहम मुकाबले में पूर्व चैम्पियन चेन्नयन एफसी को 3-1 से हरा दिया। इसके साथ बेंगलुरू ने टूर्नामेंट के पहले चरण में मिली हार का हिसाब बराबर कर लिया और साथ ही साथ 10 टीमों की अंक तालिका में 30 अंकों के साथ बेहद मजबूत स्थिति में पहुंच गया है।

इस जीत के बाद बेंगलुरू का प्लेऑफ में पहुंचना तय माना जा रहा है जबकि चेन्नई को आगे का सफर जारी रखने के लिए अभी और इंतजार करना होगा। यह इस सीजन में बेंगलुरू की 14 मैचों में 10वीं जीत है जबकि 2015 के चैम्पियन चेन्नई को 13 मैचों में चौथी हार मिली। चेन्नई ने पहले चरण के मुकाबले में बेंगलुरू को 2-1 से हराया था और अब बेंगलुरू ने इससे बड़े अंतर से चेन्नई को हराकर हिसाब बराबर कर लिया।

जैसी उम्मीद थी, इस मैच की धमाकेदार शुरुआत हुई। बोएथांग हाओकिप ने दूसरे मिनट में ही कप्तान सुनील छेत्री की मदद से गोल करते हुए बेंगलुरू को आगे कर दिया। इस गोल में हरमनजोत खाबरा ने भी अहम भूमिका अदा की।

खाबरा ने बॉक्स के अंदर एक अच्छा क्रास छेत्री को दिया, जिसे भारतीय कप्तान ने हेडर के जरिए नीचे की दिशा दिखा दी। गेंद हाओकिप के पास गई और उन्होंने छह गज की दूरी से गेंद को नेट में डाल दिया।

तीसरे मिनट में मीकू ने बेंगलुरू के लिए एक और मौका बनाया और गेंद को छेत्री के पास भेजा लेकिन उनका शॉट हेनरिक सेरेनो ने रोक दिया। सरेनो को मीकू को गिराने के कारण पीला कार्ड दिखाया गया।

इस गोल के बाद जहां बेंगलुरू ने अपनी बढ़त दोगुनी करने के लिए कई अच्छे प्रयास किए वहीं चेन्नई की टीम ने बराबरी हासिल करने का प्रयास जारी रखा। इस क्रम में उसे 33वें मिनट में सफलता मिली।

फ्रांसिस फर्नाडेस ने जेरी लालरिनजुआला की मदद से मेजबान टीम को बराबरी पर ला दिया। जेरी ने लेफ्ट फ्लैंक से एक बेहतरीन क्रास फर्नाडिस को दिया, जिसे उन्होंने हेडर के जरिए गोल में डाल दिया। बेंगलुरू के गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू असहाय होकर गेंद को पोस्ट में जाते देखते रह गए।

43वें मिनट में होआकिप को गलत तरीके से टैकल करने के कारण धनपाल गणेश को पीला कार्ड दिखाया गया। दूसरे हाफ की शुरुआत भी कुछ ऐसी ही हुई। चार मिनट के भीतर बेंगलुरू के तीन खिलाड़ियों को पीला कार्ड दिखाय गया। पीला कार्ड पाने वालों में जॉन जानसन (51वें) डिमास डेल्गाडो (53वे) और हाओकिप (55वें) शामिल हैं।

बेंगलुरू से लगातार फाउल हो रहा था लेकिन उसने अपना हमला जारी रखा। इसी क्रम में उसे 63वें मिनट में सफलता हाथ लगी। मीकू ने चेन्नई के गोलकीपर करनजीत की गलती का फायदा उठाकर अपनी टीम को दूसरी खुशी प्रदान की। इस गोल से पहले छेत्री ने बॉक्स में आए डिमास के फ्रीकिक पर करनजीत को छकाने की कोशिश की थी। करनजीत ने उसे रोक लिया लेकिन गेंद उनसे टकराकर मीकू के पास पहुंची, जिन्होंने कोई गलती नहीं की।

71वें मिनट में चेन्नई के स्टार सेरेनो को दूसरा पीला कार्ड दिखाया गया। वह मैदान से बाहर जाने पर मजबूर हुए। अब मेजबान टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी। मीकू को हाफ लाइन पर गिराने के कारण सेरेनो को यह पीला कार्ड मिला।

चेन्नई के पास 76वें मिनट में बराबरी का स्वर्णिम मौका था। खाबरा द्वारा गणेश को बेंगलुरू के बॉक्स में गिराए जाने के कारण मेजबान टीम को पेनाल्टी मिला था लेकिन जेजे उस पर गोल नहीं कर सके। गुरप्रीत सिंह ने यह गोल बचाते हुए बेंगलुरू की बढ़त को बरकरार रखा।

इस हमले से उबरते हुए बेंगलुरू ने 94वें मिनट में एक और गोल करते हुए न सिर्फ 3-1 की सुरक्षित बढ़त हासिल कर ली बल्कि कुल 30 अंकों के साथ टूर्नामें के अगले चरण के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी है। चेन्नई की हार तय करने वाला गोल बेंगलुरू के कप्तान छेत्री ने उदांता कुमाम सिंह के सहयोग से किया।

बड़ी खबरें

View All

फुटबॉल

खेल

ट्रेंडिंग