
नई दिल्ली। नार्थईस्ट युनाइटेड एफसी ने रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम खेले गए हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) चौथे सीजन के एक अहम मुकाबले में मेजबान एफसी गोवा को 2-2 की बराबरी पर रोकते हुए अंक बांटने पर मजबूर किया। नार्थईस्ट युनाइटेड ने अपने घर में खेले गए पहले चरण के मुकाबले में गोवा को 2-1 से हराया था।
गोवा को उम्मीद थी कि वह अपने घर में नार्थईस्ट को हराते हुए अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच जाएगा लेकिन ऐसा हो नहीं सका और अब गोवा को इस मैच से हासिल एक अंक से संतोष करना पड़ा। गोवा इस एक अंक के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है जबकि नार्थईस्ट की टीम अब भी नौवें स्थान पर बनी हुई है।
इस रोमांचक मैच के दोनों हाफ में दो-दो गोल हुए। पहले हाफ के शुरुआती 40 मिनट खाली चले गए। दोनो टीमों के प्रशंसकों को गोल का इंतजार था। दोनों ने कुछ अच्छे मूव बनाए लेकिन सफलता किसी को नहीं मिली। 42वें मिनट में हालांकि गोवा का इंतजार खत्म हुआ। मंडार राव देसाई ने एक झन्नाटेदार गोल की मदद से अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया।
मैनुएल लेंजारोते ने एक लो क्रास बॉक्स के अंदर जोनाथन कारदोजो को दिया लेकिन वह गेंद लपकने में चूक गए। गेंद नार्थईस्ट के तीन डिफेंडरों को छकाते हुए देसाई के पास पहुंची और उन्होंने ने अपना समय लेते हुए एक झन्नाटेदार किक की मदद से उसे गोलपोस्ट में पहुंचा दिया।
गोवा को हालांकि इस गोल का जश्न मनाने का अधिक समय नहीं मिला क्योंकि मार्सिन्हो ने होलीचरण नारजारे की मदद से एक उम्दा गोल करते हुए नार्थईस्ट को बराबरी पर ला दिया। 45वें मिनट में लेन डोंगेल ने राइट फ्लैंक से बॉक्स में एक क्रास भेजा, जो सर्गियो जस्टे से डिफलेक्ट होकर नारजारे के पास गई। नारजारे ने उसे बॉक्स में पहुंचे मार्सिन्हो को थमा दी। मार्सिन्हो ने बिना देरी किए गेंद गोलपोस्ट में डाल दी।
गोवा को यह गोल रास नहीं आया और उसने 53वें मिनट में अपने दो सबसे बड़े स्टार-फेरान कोरोमिनास और मैनुएल लेंजारोते की मदद से बढ़त हासिल कर ली। यह गोल कोरो ने किया लेकिन लेंजारोते के पास के बगैर वह ऐसा नहीं कर सकते थे।
जाहो से मिले लम्बे पास को लेंजारोते ने लेफ्ट फ्लैंक से क्रास के माध्यम से बॉक्स में भेजा, जहां कोरो लगभग अकेले पहुंचे थे। कोरो ने बिना कोई गलती किए गोल कर दी। यह इस सीजन में उनका 13वां गोल है। लीग स्तर पर इससे पहले इतने गोल किसी खिलाड़ी ने नहीं किए।
पहले राउंड के मुकाबले में गोवा को हराने वाली नार्थईस्ट की टीम किसी भी हाल में हार मानने वाली नहीं थी। उसने मैदान पर अपनी पकड़ बनाए रखी और 71वें मिनट में बराबरी का गोल कर दिया। इस बार उसके लिए गोल किया जाएरो मास्क्वेरा ने, जो कि दो मिनट पहले ही डानिलो लोपेज के स्थान पर मैदान पर आए थे। जाएरो ने यह गोल सिमिनलेन डोंगेल के पास पर किया।
इसके बाद दोनों टीमों की ओर से कई अच्छे प्रयास हुए लेकिन सफलता किसी को नहीं मिली। यह अपने घर में गोवा का छठा और कुल 12वां मैच था। घर में गोवा ने इस सीजन का पहला ड्रॉ खेला। इससे पहले खेले गए पांच में से तीन मैचों में उसे जीत मिली थी जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा था।
Published on:
5 Feb 2018, 12:12 PM IST
बड़ी खबरें
View Allफुटबॉल
खेल
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.