
फ्लैटों काे निशाना बनाने वाला हाईटेक गैंग चढ़ा पुलिस के हत्थे, बरामद हुए इतने जेवरात कि पुलिस के भी उड़ गए होश
गाजियाबाद. इंदिरापुरम थाना पुलिस ने 4 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह गैंग फ्लैट्स में रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चौंकाने वाली बात ये है कि इस गैंग के वारदात को अंजाम देने से पहले बीटेक का छात्र रेकी कर सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को निकाल देता था, ताकि पुलिस उन तक न पहुंच पाए। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं।
गाजियाबाद पुलिस का दावा है कि यह लोग पॉश इलाकों में बंद फ्लैट्स के अंदर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य पहले सोसायटियों में बिजली मिस्त्री, हाउसकीपिंग, कुरियर बॉय या गेस्ट बनकर बंद पड़े मकान और फ्लैटों की रेकी करते थे। बता दें कि इस गैंग के लिए रेकी करने वाला युवक बीटेक का छात्र है, जो पहले ही घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर निकाल लेता था, ताकि चोरी करते समय वे कैमरों में कैद न हो पाएं। उसके बाद उन्हें चिन्हित कर उनमें घटना को अंजाम देते थे। ऐसा ही इन्होंने वैशाली के पॉश इलाके में एक फ्लैट में वारदात को अंजाम दिया, जिसमें 10 लाख रुपये से अधिक की ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि गाजियाबाद के वैशाली स्थित पॉश इलाके में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले सभी बदमाश दिल्ली के रहने वाले हैं। जबकि इस घटना की रेकी करने वाला वैशाली में ही रहने वाला अपूर्व शर्मा है, जो नोएडा के ही एक कॉलेज से बीटेक का स्टूडेंट है। वहीं पकड़े गए चोरों में क्षितिज, सूरज और साहिल शामिल हैं। यह पहले भी चोरी की कई घटनाओं में जेल जा चुके हैं। पुलिस का दावा है कि इस गैंग के पकड़े जाने से गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाओं में कमी आएगी।
Published on:
26 Aug 2018, 10:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.