मिली जानकारी के मुताबिक गाजियाबाद के थाना कवि नगर इलाके के गांव बम्हेटा के रहने वाले कपिल की शादी 2 साल पहले जनपद मेरठ की रहने वाली एक लड़की के साथ हुई थी। शादी के बाद कुछ दिन तक सब कुछ ठीक चलता रहा और इस दौरान उनके घर एक पुत्र ने भी जन्म लिया। लेकिन उसके बाद ही पति पत्नी में विवाद शुरू हो गया । हालांकि, इस दौरान कई बार दोनों को रिश्तेदारों ने समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन विवाद सुलझने के बजाय बढ़ता ही चला गया। इसके बाद कपिल की पत्नी अपने छोटे को लेकर अपने पिता के घर चली गई। इसके बाद कपिल मौका पाते ही अपने बेटे को उठाकर ले आया। इसके बाद कपिल पर अपहरण का मुकदमा भी दर्ज करा दिया गया । लेकिन अदालत में कपिल द्वारा दिए गए बयान के आधार पर अपहरण का मामला खारिज कर दिया गया। इसके बाद से उसका बेटा कपिल के ही पास रह रहा था, लेकिन उधर कपिल की पत्नी भी अपने बेटे को अपने से जुदा नहीं देख पा रही थी। इसी को लेकर कपिल के ससुर ने बम्हेटा गांव के पास ही बने एक फार्म हाउस में एक बड़ी पंचायत बुलाई ।शुक्रवार को काफी संख्या में लोग पंचायत में मौजूद थे। इस दौरान आपस में समझौते का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन पंचायत के दौरान ही अचानक कपिल को गुस्सा आ गया और उसने गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान कपिल के ससुर को करीब 3 गोलियां लगी और कपिल की पत्नी को भी करीब 4 गोलियां लगी।