
गाजियाबाद। मशहूर फिल्म निदेशक संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती को लेकर विवाद खत्म होने की जगह और भी बढता जा रहा है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी, विख्यात कवि कुमार विश्वास के बाद अब हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चक्रपाणि महाराज ने भी पदामवती का विरोध किया है। पत्रिका से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली को तुरंत प्रभाव से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए गिरफ्तार कर लेना चाहिए।
इतिहास से छेड़छाड करते है भंसाली जैसे लोग
हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दावा है कि संजय लीला भंसाली जैसे लोग इतिहास के साथ अक्सर छेड़छाड़ करने का काम करते हैं। इनकी गलती के लिए तुरंत गिरफ्तार किए जाना चाहिए, ताकि उन्हें समझ आ सके कि इतिहास हमारे गौरव की निशानी है। रानी पद्मावती वीर नारी थी, फिल्म के जरिए लोगों तक गलत संदेश दिए जाने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा पर साधा निशाना
चक्रपाणि महाराज का आरोप है कि भाजपा खुद को महिलाओं का सम्मान करने वाली राजनीतिक पार्टी बताती है। लेकिन, यहां पर जौहर करने वाली एक रानी के गौरवशाली इतिहास को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। दुर्भाग्य़पूर्ण बात है कि केन्द्र सरकार पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए है। पीएम नरेन्द्र मोदी को इस पर एक्शन लेना चाहिए।
कई राज्यों में किया जा रहा है विरोध
पद्मावती फिल्म का राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र समेत उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में विरोध किया जा रहा है। तमाम संगठन इस फिल्म को बैन किए जाने की मांग कर रहे है। विरोध करने वालों का साफ तौर पर कहना है कि रानी पद्मिनी पर आधारित फिल्म 'पद्मावती' में इतिहास को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं है।
विदेशी साजिश बता चुके है बीजेपी सांसद
बीजेपी राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने फिल्म 'पद्मावती' के पीछे अंतरराष्ट्रीय साजिश का हाथ बता चुके हैं। उन्होंने फिल्म के लिए दुबई से पैसे भेजे जाने की बात कही थी। बता दें कि फिल्म की फंडिंग की जांच कराए जाने की भी स्वामी ने मांग की थी।
Updated on:
13 Nov 2017, 3:49 PM IST
Published on:
13 Nov 2017, 3:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.