गाजियाबाद. साहिबाबाद थाना क्षेत्र के राजेन्द्र नगर में एक कार डीलर के कार्यालय में घुसकर दो युवकों को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी दी। दोनों घायलों को गाजियाबाद के मैक्स वैशाली अस्पताल में एडमिट कराया गया। जहां एक कार डीलर का काम करने वाले एक युवक की हालत भी गम्भीर बनी हुयी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना में कार सेल परचेज का काम करने वाले सुभाष उर्फ कालू और चेतन विज नामक युवक अज्ञात हमलावरों की गोली से घायल हुये हैं, जबकि मौके पर मौजूद एक अन्य युवक रवि की कमर से छूते हुए गोली निकल गई। मौके पर मौजूद एक अन्य युवक भी हमले में बाल-बाल बचा है। मिली जानकारी के अनुसार कालू उर्फ सुभाष की जांघ और कमर में दो गोलियां लगी है और उसकी हालत बेहद गम्भीर है, जबकि दूसरे घायल युवक चेतन के पैर में गोली लगी है। घायल चेतन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।