
मजदूर दिवस पर मिल में पथराव और फायरिंग, आधा दर्जन लोग हिरासत में, देखें वीडियो
गाजियाबाद। मजदूर दिवस के उपलक्ष में तमाम फैक्ट्री और कंपनियों में कर्मचारियों का अवकाश है। वहीं दिल्ली से सटे गाजियाबाद में मजदूर दिवस के मौके पर मजदूरों ने कपड़ा मिल पर जमकर हंगामा किया। मामला मोदीनगर इलाके का है। जहां पर हवाई फायरिंग भी हुई है। बताया गया है कि मोदीनगर की कपड़ा मिल पर भारी संख्या में मजदूर पहुंचे।
यह भी पढ़ें : मजदूरों ने खोली सरकारी योजनाओं की पोल- देखें वीडियो
मजदूरों का आरोप है कि उनका बकाया वेतन नहीं दिया गया है और मिल मालिक मिल में मौजूद सामान को चोरी छुपे बेच रहा था। इसकी सूचना पाकर मजदूर मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। इस बीच मजदूरों द्वारा मिल परिसर में जमकर पथराव किया जाने लगा। आरोप है कि इस दौरान मिल परिसर में हवाई फायरिंग भी हुई।
बताया जा रहा है कि कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा यह हवाई फायरिंग की गई थी। लेकिन फायरिंग का यह आरोप मिल प्रशासन के लोगों पर लगा है। इस दौरान हुए पथराव के बाद कुछ लोग घायल भी हुए। इसमें पूर्व चेयरमैन के पैर में भी ईट लगी। हालांकि इसकी सूचना आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची और करीब आधा दर्जन लोगों को इस पूरे मामले में हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी देहात नीरज कुमार जाधव ने बताया कि मोदीनगर इलाके में कपड़ा फैक्ट्री पर कुछ मजदूरों के द्वारा पथराव किया गया था। जिसके बाद से मामला बढ़ता चला गया। हवाई फायरिंग की भी सूचना मिल रही है। शुरुआती जांच में फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि हवाई फायरिंग केबल आत्मरक्षा के उद्देश्य से की गई थी।
उधर, मजदूरों का भी कहना है कि जब वह मिल के अंदर जा रहे थे तो उन्हें जबरन रोका गया और उनके साथ मारपीट भी की गई। जिसके बाद यह मामला बढ़ता चला गया। एसपी ने बताया कि फिलहाल इस पूरे मामले में करीब आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले की पूरी तरह जांच की जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Updated on:
1 May 2019, 4:30 PM IST
Published on:
1 May 2019, 4:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.