
गाजियाबाद। पूरे प्रदेश में 6 फरवरी से बोर्ड परीक्षा शुरू हो गई है। इसी के मद्देनजर गाजियाबाद जिला स्कूल इंस्पेक्टर ने सभी माध्यमिक और उच्च विद्यालयों को 6 फरवरी से 20 फरवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है। मंगलवार को जिला स्कूल इंस्पेक्टर की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि जिले के सभी स्कूलों को 6 से 20 फरवरी तक बंद रखा जाएगा, क्योंकि विद्यालयों के शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी में तैनात किया जाएगा। इंस्पेक्टर ने अपने निर्देश में यह भी कहा है कि जो स्कूल प्रशासन इस आदेश को नहीं मानेगा। उसके प्रधानाध्यापक और स्कूल प्रशासन के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
6 फरवरी से शूरू हो चुकी है परीक्षा
गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा 6 फरवरी से शुरू हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में इजाफा हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल 10वीं बोर्ड की परीक्षा में कुल 34,01,511 छात्रों ने, जबकि 12वीं की परीक्षा में कुल 26,54,492 छात्रों ने हिस्सा लिया था। वहीं, इस बार 10वीं की परीक्षा में 37,12,508 छात्र, जबकि 12वीं की परीक्षा में 30,17,032 छात्र शामिल होने जा रहे हैं। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा 14 दिन और इंटर की 25 दिनों में पूरी होगी। दो पालियों में होनेवाली परीक्षा की पहली पाली सुबह 7.30 से 10.45 बजे, जबकि, दूसरी पाली दिन 2 से 5.15 बजे तक होगी। छात्र अपनी परीक्षाओं की समय सारणी बोर्ड की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
55 केन्द्रों पर हो रही है परीक्षा
गाजियाबाद में 55 केंद्रों पर कुल 51288 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में हिस्सा ले रहे हैं। शासन की तरफ से नकल विहिन पेपर के लिए सख्ती बरती गई है। इसके बाद सभी सेंटरों पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की तरफ से पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। सभी स्कूलों के सेंटरों में सीसीटीवी कैमरा भी लगाए गए है।
लखनऊ से हो रही मॉनिटरिंग
बोर्ड परीक्षा के पहले दिन से ही लखनऊ और बोर्ड कार्यालय इलाहाबाद से परीक्षा की मॉनिटरिंग हो रही है। इस दौरान वहां से हर घंटे फोन कर मंडल की जानकारी ली जा रही है।
देखें वीडियो- https://www.youtube.com/watch?v=x8HEnsxGynU
देखें वीडियो- https://www.youtube.com/watch?v=WvwdwNjV9wQ&t=10s
Updated on:
8 Feb 2018, 4:28 PM IST
Published on:
8 Feb 2018, 12:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.