
गाजियाबाद. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में दूल्हा-दुल्हन को हर्ष फायरिंग करनी बेहद भारी पड़ गई। हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस के आला अधिकारियों ने संज्ञान लिया। वीडियो की तस्दीक करने के बाद चौकी इंचार्ज ने शहर कोतवाली में दूल्हे और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए दूल्हा और दूल्हे के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। जिस पिस्टल से फायरिंग की गई थी उसे भी पुलिस ने बरामद कर ली है।
जयमाला के बाद स्टेज से ही गोलियां दागने लगे दूल्हा-दुल्हन
बता दें कि शहर कोतवाली क्षेत्र के एक बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह के दौरान स्टेज पर ही दूल्हा-दुल्हन के द्वारा पिस्टल से फायरिंग की गई थी। वीडियो वायरल होते ही पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई। जांच में पाया गया कि थाना विजय नगर इलाके के रहने वाले प्रिंस पुत्र बुधराम के द्वारा ही यह फायरिंग की गई थी और दुल्हन भी साथ में ही खड़ी हुई थी।
दूल्हा और उसके पिता गिरफ्तार
संबंधित चौकी इंचार्ज रानू चौधरी ने दूल्हे और उसके पिता के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद दूल्हे प्रिंस और उसके पिता बुधराम को गिरफ्तार कर लिया है। उधर लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए प्रशासन को रिपोर्ट भेज दी है।
सूर्या बैंक्वेट हॉल में हो रही थी शादी
सीओ सिटी प्रथम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच की तो उस वीडियो में फायरिंग करने वाला दूल्हा प्रिंस पुत्र बुधराम निवासी विजयनगर के रूप में पहचान हुई। यह शादी शहर कोतवाली इलाके के सूर्या बैंक्वेट हॉल में हो रही थी।
Published on:
16 Dec 2021 12:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
