
गाजियाबाद। जिले की लोनी विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर आखिरकार शहीद हुए सैनिक औरंगजेब के घर पहुंच गए। उन्होंने शनिवार को शहीद औरंगजेब के परिजनों से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की। आपको बता दें कि शुक्रवार को नंदकिशोर गुर्जर जब शहीद औरंगजेब के परिवार से मिलने जा रहे थे तब श्रीनगर में उनके काफिले पर पत्थरबाजों द्वारा हमला किया गया था, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। दरअसल शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद विधायक के काफिले पर पत्थरबाजी हुई। इस पत्थरबाजी में लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर बाल-बाल बच गए।
हालांकि पत्थर लगने से उनका एक साथी और दूसरे भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। आपको बता दें कि विधायक एक सप्ताह पूर्व आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिक औरंगजेब खान के परिवार को सांत्वना देने कश्मीर गए हैं।
घटना के दौरान विधायक के साथ किसान नेता बबली कसाना और भाजपा नेता तेजपाल आर्य मौजूद थे। वह शुक्रवार दोपहर को श्रीनगर के स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता सलीम कसाना, मुमताज अवाना, तालिब हुसैन, रफीक बिलोच आदि के साथ पुंछ जनपद में शहीद औरंगजेब के घर जाने के लिए रवाना हुए थे।
यह भी पढ़ें-सिरफिरे आशिक ने इस तरह किया युवती का मर्डर
जैसे ही उनका काफिला पुलवामा जनपद में छुपनिया गांव के पास पहुंचा तो उनके काफिले पर पत्थबाजी होने लगी, जिसमें विधायक नंदकिशोर गुर्जर तो बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके साथ मौजूद तेजपाल आर्य एवं दूसरे पार्टी कार्यकर्ता घायल हो गए। आपको बता दें कि करीब एक सप्ताह पूर्व ही विधायक के काफिले पर उनके क्षेत्र में ही फायरिंग हुई थी।
Updated on:
23 Jun 2018, 8:56 PM IST
Published on:
23 Jun 2018, 5:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.