
क्राइम ब्रांच अफसर समझ जिससे युवती ने रचाई थी शादी, अचानक गायब हुआ तो खुला राज
गाजियाबाद. खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताने वाले एक युवक द्वारा धर्म बदलकर शादी करने और उसके तीन महीने बाद भूमिगत होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पहले युवक ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और उससे धर्म बदलकर शादी कर ली। युवती ने कविनगर थाने में आपबीती सुनाते हुए बताया कि शादी करने के बाद वह तीन महीने तक साथ ही रहा, लेकिन हाल ही में एक दिन गायब हो गया। इतना ही नहीं वह मकान मालिक की एक रिश्तेदार से 45 हजार रुपये भी उधार ले गया है। फिलहाल युवती की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी है।
कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शास्त्रीनगर में रहने वाली एक युवती उनके पास आई थी। युवती ने बताया है कि वह अपने परिवार से अलग रहती है और गोविंदपुरम के घरों में खाना बनाकर जैसे-तैसे अपना गुजारा करती है। युवती का आरोप है कि एक युवक संजयनगर में रहने वाले एक पुजारी के संग किराए के मकान में रहता था। अक्सर मुलाकात के दौरान वह मीठी-मीठी बातें करता था। धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ीं तो दोनों के बीच प्यार हो गया। युवक ने बताया था कि वह क्राइम ब्रांच में अधिकारी है। मार्च 2018 में हम दाेनों ने एक मंदिर में शादी कर ली।
शादी के बाद वह उसके साथ ही उसके कमरे पर रहने लगा, लेकिन तीन माह बाद अचानक वह गायब हो गया। उसे लगा कि किसी जरूरी काम से कहीं गया होगा, लेकिन जब वह नहीं लौटा तो उसे पता चला कि उसके साथ धोखा हुआ है। युवती ने बताया कि अपने साथ हुए धोखे के बाद उसने अपने पति को बहुत तलाश तो पता चला कि वह मूलरूप से मुरादनगर का रहने वाला है और कोई क्राइम ब्रांच का अधिकारी भी नहीं है।
युवती का यह भी आरोप है कि उसने मेरे मकान मालिक की एक रिश्तेदार से 45 हजार रुपये उधार भी ले रखे हैं। इस मामले में कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवती की शिकायत और उसकी निशानदेही पर आरोपी को तलाश किया जा रहा है। आरोपी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होगा।
Published on:
08 Jun 2019 04:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
