
गौवंश हत्या का साजिशकर्ता पुलिस पकड़ से दूर, सियासत हुई तेज
गोण्डा. गोण्डा में दो दिन पूर्व एक ब्राह्मण द्वारा एक गौवंश का गला काटकर हत्या करने का मामला अभी शांत नहीं हुआ है कि अब इसमें सियासत तेज हो गई है। लोगों का मानना है कि यह कांड एक प्लान के तहत कराया गया है। जिसमें मुख्य सजिशकर्ता अभी पुलिस पकड़ से दूर है और पुलिस भी अब कुछ करना नहीं चाहती है। घटना के दिन पुलिस अधीक्षक ने आरोपी पर रासुका लगाने की बात कही थी, लेकिन अब तक यह कार्रवाई नहीं की गई है। कटरा विधान सभा एक ब्राह्मण बाहुल्य क्षेत्र है। यह क्षेत्र गौवध के लिए हमेशा चर्चित रहा है। चुनाव के दौरान ऐसी वारदातें हो जाया करती थीं और कोई दूसरे समुदाय का ही पकड़ा जाता रहा है। लेकिन यह पहली बार हुआ है कि गौवंश हत्या में कोई ब्राह्मण आरोपित हो साथ ही वह मौके से ही पकड़ा भी गया हो।
बवाल होने से बचा
आपको बता दें कि कि जब पूरा देश विजयदशमी मना रहा था और शहर में या हुसैन की सदाएं गूंज रही थीं। ठीक उसी वक्त जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की नियत से गोकशी की वारदात को अंजाम दिया गया। जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के भटपुरवा में गोवंश वध की वारदात को अंजाम दिया गया। मगर स्थानीय लोगों की सूचना और पुलिस की सक्रियता से बवाल होने से बचा और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वहीं दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। दशहरा, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और मोहर्रम के पर्व पर कुछ लोग धार्मिक तनाव फैलाने के प्रयास में गोकशी की घटना को अंजाम देकर माहौल बिगाड़ने के प्रयास में थे। लेकिन फिजाओं में जहर घुलने से बच गया।
लोगों ने जमकर किया बवाल
वहीं इस घटना के बाद दोनों सम्प्रदायों के लोगों ने थाने पर जाकर बवाल काटा और नारेबाजी की। पुलिस के मुताबिक रामसेवक और मंगल नाम के शख्स द्वारा गौवंश का चाकू से गला रेतकर हत्या कर देना बहुत ही संवेदनशील है और उस पर कार्रवाई की गई है। वहीं गोंडा दौरे पर आए राज्य मंत्री उपेन्द्र तिवारी का कहना है कि अगर ऐसी घटना हुई है तो पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी। वहीं दूसरी ओर इस मामले में स्थानीय विधायक बावन सिंह का कहना है कि इसमें बहुत बड़ी साजिश हुई है। इसकी गहराई से जांच कर कार्रवाई की जाए। कुल मिलाकर अक्सर इन मामलों में बदनाम रहने वाले जनपद में एक बार फिर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई, फिलहाल वह नाकाम रही।
फिलहाल मामला दो दिन पूर्व का है, लेकिन एक ब्रहम्ण द्वारा किसी गौवंश की गला काट कर हत्या करना, किसी के गले नहीं उतर रहा है। लेकिन पुलिस अधीक्षक पूरी तरह से संतुष्ट हैं कि शराब के नशे में आदमी कुछ भी कर सकता है। उनका मानना है कि आरोपी के विरूद्व पूर्व में भी हत्या का मुकदमा दर्ज है और वह भयंकर दारूबाज है।
Published on:
05 Oct 2017 01:51 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
