23 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Uttar Pradesh / Gorakhpur / सीएम योगी का तोहफा: यूपी में बनेगा दो एक्सप्रेस हाइवे, हवाई यात्रा से जुड़ेंगे सभी प्रमुख शहर

सीएम योगी का तोहफा: यूपी में बनेगा दो एक्सप्रेस हाइवे, हवाई यात्रा से जुड़ेंगे सभी प्रमुख शहर

300 करोड़ की लागत से गोरखपुर में अंकुर उद्योग द्वारा एक उद्योग स्थापित करने के लिए एम.ओ.यू. प्रदेश सरकार के साथ हुआ है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

गोरखपुर

•

image

Akhilesh Kumar Tripathi

•

Updated: 17 Oct 2017, 11:16 AM IST

Cm Yogi adityanath

सीएम योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में दो एक्सप्रेस वे बनाये जायेंगे जिसके किनारे पर उपलब्ध भूमि उद्योग लगाने के लिए लैन्ड बैंक के रूप में कार्य करेगी। मुख्यमंत्री चैम्बर्स ऑफ इण्डस्ट्रीज गोरखपुर द्वारा आयोजित औद्योगिक विकास सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में लखनऊ से बलिया एक्सप्रेस वे अयोध्या, गोरखपुर, बनारस होकर बनेगा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में झांसी चित्रकुट, इलाहाबाद एक्सप्रेस वे बनाया जायेगा इसके किनारे औद्योगिक आस्थान स्थापित कर उद्योगों के लिए भूमि की कमी दूर की जायेगी। उन्होंने कहा कि इससे हम लगभग 20 हजार एकड़ का लैन्ड बैंक बना सकेंगे। उन्होंने बताया कि 300 करोड़ की लागत से गोरखपुर में अंकुर उद्योग द्वारा एक उद्योग स्थापित करने के लिए मेमोरैन्डम आफ अन्डरस्टैन्डिंग (एम.ओ.यू.) प्रदेश सरकार के साथ हस्ताक्षर हुआ है। आने वाले दिनों में शुद्ध प्लस द्वारा 200 करोड़ रूपये का एक उद्योग स्थापित किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई औद्योगिक नीति पर लगभग 7 देशों के राजदूत अपने देश के प्रतिनिधि मण्डल के साथ उनसे मिले हैं तथा उद्योग स्थापना हेतु सहमत हुए है। सूरत में भी औद्योगिक सम्मेलन में वहां के उद्यमी ने कहा कि वे यूपी में उद्योग की स्थापना करना चाहते हैं। प्रदेश में सकारात्मक सोच से एक वातावरण बन रहा है। सभी अधिकारियों एंव उद्यमियों को इसका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रमुख नगरों को हवाई यात्रा से जोड़ा जा रहा है ताकि कम समय में लोग वहां पहुंच कर अपना कार्य कर सकें। अगले 6 माह में 4 महानगरों में मेट्रो का काम शुरू कर दिया जायेगा जिससे लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि एक वर्ष में 5.60 लाख आवास बनाकर गरीब लोगों को उपलब्ध कराना है। भवन निर्माण के क्षेत्र में कार्य करने वाले इसमें अपनी रूचि दिखा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के चार शहरों में वायो डीजल संयत्र की स्थापना की योजना है। इसी प्रकार फूड प्रोसेसिंग पार्क स्थापित किया जाना है। एक जिला एक उत्पाद की नीति बनाई जा रही एक जिला एक उत्पाद को लेकर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक सेन्टर बनाया जा रहा है जिससे इन्हें बढ़ावा मिले तथा देश विदेश में इसका एक्सपोर्ट किया जा सके इसके लिए परम्परागत उद्योगों को पुर्नजीवित किया जायेगा तथा तकनीक से जोड़कर उन्हें नया स्वरूप दिया जायेगा।

सम्मेलन को प्रदेश के प्रमुख सचिव आवास व वस्त्रोद्योग मुकुल सिंघल, प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास आलोक सिन्हा ने सम्बोधित किया तथा आश्वस्त किया कि उद्यमियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन गंभीरता से विचार कर रहा है। सम्मेलन में पूर्व अध्यक्ष एस.के. अग्रवाल ने गोरखपुर में उद्यमियों व गीडा की समस्याओं को सिलसिलेवार प्रस्तुत किया। गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी हर्षिता माथुर ने गीडा के उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बाढ़ में बेहतर सहयोग करने के लिए विष्णु अजीत सरिया को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रमोद मस्करा ने सभी का स्वागत किया। इस दौरान प्रवीण मोदी, अशोक जालान, सत्य प्रकाश, नवीन अग्रवाल, प्रमोद मातनहेलिया, आजम खान , अशोक सर्राफ, मण्डलायुक्त अनिल कुमार, जिलाधिकारी राजीव रौतेला आदि मौजूद रहे। इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर क्लब में गोरखपुर विकास प्राधिकरण तथा नगरनिगम की 56 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जिसकी कुल लागत 5702.72 लाख है। उन्होंने एक परियोजना का लोकार्पण भी किया जिसकी लागत 43.88 लाख है।

BY- Dheerendra Gopal