
गोरखपुर। जंगल कौड़िया के पूर्व प्रमुख रामपति यादव की प्रतिमा का अनावरण सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। पूर्व प्रमुख गोरखनाथ मंदिर के करीबी रहे हैं। इस दौरान सीएम ने जंगल कौड़िया में 14332.95 लाख की लागत वाली 19 परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास भी किया। इसमें 13316.35 लाख की 7 परियोजनाओं का शिलान्यास किया तथा 1016.60 लाख की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्व. रामपति यादव ने जो कार्य किया है वह लोगों के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार लोगों के विकास के लिए कार्य कर रही है जिसके क्रम में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास/लोकार्पण किया।

युवा के लिए नौकरियों का खुलेगा जल्द पिटारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को प्रदेश में आये अभी 10 माह हुए है, सरकार पूरी तरह से इस दिशा में काम कर रही है कि युवा, गरीब किसान का विकास हो, युवाओं को रोजगार मिले। उन्होंने कहा कि नौजवान देश के विकास का आधार है, युवाओं का विकास होगा और वह खुशहाल बनेंगे तो देश व प्रदेश का विकास होगा। युवाओं के लिए जल्द ही पुलिस व शिक्षा में भर्ती किया जायेगा और अधिनस्थ सेवा चयन आयोग का भी गठन कर दिया गया है जिससे 62 हजार अन्य भर्ती भी अतिशीघ्र होगी।
कम पढ़-लिखे युवा स्किल डेवलपमेंट के तहत काम करावें
मुख्यमंत्री ने कहा कि कम पढ़े लिखे लोगों के लिए प्रधानमंत्री स्किल डवलपमेन्ट के तहत युवाओं को हुनरमन्द बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में स्वयं सहायता समूह का गठन हो तथा सरकार द्वारा उनको सहायता देकर प्रोत्साहित भी किया जायेगा। उन्हांेने कहा कि यह सरकार जनता की सरकार है और जनता के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। हर गांव को, गरीब को, युवाओं को, किसानों को ध्यान में रखकर योजना बनाई जा रही है जिससे लोगों का विकास तेजी से हो सके। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से अपेक्षित वनटांगियां गांवों को राजस्व ग्राम का दर्जा देकर उनमें विकास कार्य कराया जा रहा है।
जंगल कौड़िया में डिग्री काॅलेज, आईआईटी सहित कई संस्थान
सीएम नेे जिला प्रशासन के निर्देश दिया है कि जंगल कौड़िया में एक डिग्री काॅलेज व काजीपुर या बुढ़ियाबारी में आईटीआई के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजे साथ ही उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के लिए यहां पर स्टेडियम भी उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है उसको समयबद्ध व गुणवत्तयुक्त पूर्ण कराया जायेगा।
ये रहे साथ मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायती राज्य मंत्री महेन्द्र सिंह, ब्लाक प्रमुख जंगल कौड़िया बृजेश यादव ने भी लोगों को सम्बोधित किया। इस अवसर पर विभिन्न जन प्रतिनिधि गण व मण्डलायुक्त अनिल कुमार, आईजी मोहित अग्रवाल, डीआइजी नीलाब्जा चैधरी, जिलाधिकारी राजीव रौतेला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनिरूद्ध सत्यार्थ पंकज व अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।