
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने दौरे के दूसरे दिन भी करोड़ों रुपये की लागत की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। भटहट में 8113.17 लाख की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 1668.35 लाख की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। कुल 9781.52 लाख की परियोजनाओं की सौगात दी।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि प्रदेश विकास करेगा तो देश भी विकास करेगा। विकास के लिए आवश्यक है कि लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो, लोगों को हर बुनियादी सुविधाएं मिलेे। सभी लोग मिलकर कार्य करें तो प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर होगा।
आईटीआई काॅलेज का तोहफा
भटहट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक आईटीआई काॅलेज का भी शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि यहां पर शिलान्यास की गयी परियोजनाओं में आई.टी.आई. कालेज भी शामिल है। सीएम योगी ने कहा कि आईटीआई के बन जाने से यहां के युवाओं को हुनरमन्द होने के लिए कही बाहर नही जाना पड़ेगा। वे यहां पर प्रवेश लेकर अपनी पढ़ाई करेंगे तथा प्रधानमंत्री स्किल डवलपमेन्ट योजना के अन्तर्गत उन्हें कौशल विकास में प्रशिक्षित भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि युवा यहां प्रशिक्षित होकर अपना उद्योग लगायेंगे, नौकरियां भी मिलेगी और स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

रोजगार ? होगा तो हर तबके के चेहरे पर आएगी खुशहालीः सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र का विकास रोजगार के विकास से ही संभव है, हर तबके के चेहरे पर खुशहाली लाने का यह एक माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गरीबों के लिए फसल ऋण माफी योजना, उज्जवला योजना आदि चलाई जा रही है जिससे किसानों एंव महिलाओं को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि हर गरीब के घर बिजली पहुंचाने का कार्य भी सरकार कर रही है। प्रदेश सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों आदि को ध्यान में रखकर विकास की योजनाएं बना रही है। एक समय पूर्वान्चल चीनी का कटोरा कहा जाता था परन्तु धीरे धीरे यहां की मिले बन्द हो गयी, जिसे पुनः आरम्भ किया जा रहा है।
चलेगा स्वच्छता अभियान, गांव-गांव होगी लोगों की सहभागिता
उन्होंने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के विकास के कार्य को करा रही है। सड़कों को गड्ढ़ामुक्त किया जा रहा है। मण्डी समितियों का पुनरूद्धार किया गया जिससे किसानों को सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र जेई एइएस से प्रभावित है, सफाई के लिए जागरूकता की आवश्यकता है। अप्रैल में 15 दिनों का स्वच्छता अभियान चलाकर सभी को इससे जोड़ा जायेगा जिससे गांव, क्षेत्र और प्रदेश स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोगों को अभियान चलाकर शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाये कोई पात्र व्यक्ति शासन की योजना से वंचित न रहे।
इस अवसर पर विधायक पिपराइच महेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार लगातार गरीबों किसानों के बारे में कार्य रही है उनके विकास के बारे में सोच रही है। सबके चेहरे पर मुस्कान आये यह सरकार का प्रयास है। इस दौरान मण्डलायुक्त अनिल कुमार, आई.जी. मोहित अग्रवाल, डीआइजी नीलाब्जा चैधरी, जिलाधिकारी राजीव रौतेला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनिरूद्ध सत्यार्थ पंकज, मुख्य विकास अधिकारी अनुज सिंह सहित विभिन्न जन प्रतिनिधि गण एंव भारी संख्या में क्षेत्र की जनता उपस्थित रही।