
संगोष्ठी
गोरखपुर. बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुरेंद्र दुबे ने कहा कि उच्च शिक्षा अतिशय प्रयोगवादिता की शिकार हो गयी है। आज शोध अनुसन्धान में एपीआई के बदलते मानक जहां एक ओर इसकी उपादेयता को संदिग्ध बना रहे हैं वहीं दूसरी ओर हमारे शिक्षण तन्त्र में टॉपर बनने की मानसिकता के अतिरेक के कारण हमारे विद्यार्थी अवसाद का शिकार होकर आत्मघाती बन रहे हैं। इसलिए हमें इस बात को गंभीरता से समझना होगा कि हम रोजगार पाने के लिए रोबोट बनाने की अपेक्षा स्वावलम्बी और स्वाभिमानी पीढ़ी बनाने का प्रयास करें।
प्रो.दुबे दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के संवाद भवन में दर्शनशास्त्र विभाग एवं शिक्षक महासंघ द्वारा आयोजित "भारतीय उच्च शिक्षा : यथार्थ एवं आकांक्षाएं" विषयक द्विदिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के समारोह सत्र की अध्यक्षता करते हुए सभा को संबोधित कर रहे थे। सत्र में बतौर मुख्य अतिथि अपने सम्बोधन में डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विवि के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने कहा कि वर्तमान परिवेश में उच्च शिक्षा की बिगड़ती स्थिति का मूल्यांकन यदि करना है तो हमें महाविद्यालयों के स्तर से आरम्भ कर विश्वविद्यालय स्तर तक जाना होगा। हमने कक्षाओं में उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए छात्रों पर दबाव पैदा करने वाले और उन्हें मजबूर करने वाली व्यवस्थाएं तो अपना लीं लेकिन कक्षा में उठने वाली जिज्ञासाओं का सामना करने का साहस अध्यापकों में कब पैदा करेंगे यह सोचने वाली बात है। कहा कि उच्च शिक्षा यदि समाजोपयोगी न हो तो वह बेकार है। यदि कक्षाओं में पढ़ाये जाने वाले वैश्विक सिद्धांतों की स्थानीय उपादेयता कुछ भी न हो तो यह हमारे लिए खेद की बात है।
समापन सत्र में आगन्तुक अतिथियों का स्वागत अभिनन्दन करते हुए दर्शनशास्त्र विभाग के प्रो.सुशील तिवारी ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त चुनौतियों पर हुए गंभीर मन्थन पर सन्तोष व्यक्त किया। विशिष्ट अतिथि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, सिद्धार्थनगर के कुलपति प्रो. रजनीकांत पाण्डेय ने कहा कि पूंजीवादी और औपनिवेशिक शासनतंत्र ने हमारी शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा मानसिकता को दूषित करने का कार्य किया। तकनीकी विकास के नाम पर आज हम कक्षा के मूल स्वरूप को लगभग समाप्त कर रहे हैं। हमारे समक्ष इसी कारण से आज उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मूल्य और सामाजिक व्यवहार का बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है।
सभा में विशिष्ट अतिथि जननायक चन्द्रशेखर आज़ाद विश्वविद्यालय, बलिया के कुलपति प्रो.योगेन्द्र सिंह ने कहा रोजगारपरकता पर शुरू से ही अतिशय बल देने के कारण आज हमने मूल्यों को विस्मृत कर दिया है। आज हमें यह गंभीरता से समझने की आवश्यकता है कि विश्व की समस्त गंभीर चुनौतियों का समाधान शिक्षा में ही निहित है। आयोजन सचिव डॉ.आमोद कुमार राय ने द्विदिवसीय संगोष्ठी की तकनीकी सत्रों में रखे गए विचारों का निष्कर्ष और समीक्षा प्रस्तुत किया। सत्र का संचालन महासंघ के उपाध्यक्ष प्रो.रविशंकर सिंह ने किया जबकि आभार ज्ञापन संयुक्त सचिव प्रो. वीएस वर्मा ने किया।
समापन सत्र के पूर्व आयोजित अंतिम तकनीकी सत्र में बड़ी संख्या में शोधार्थियों ने अपने शोधपत्रों का वाचन किया। इस सत्र की अध्यक्षता तिलका मांझी विश्वविद्यालय, भागलपुर के पूर्व कुलपति प्रो. आरएस दुबे ने की। इस सत्र में अपने विचार रखते राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के वरिष्ठ मार्गदर्शक ओमपाल ने कहा कि हमारे प्राच्य भारतीय शिक्षा दर्शन में व्यष्टि से समष्टि के हित का चिंतन व्यक्त है। हमारे यहां ज्ञान की प्राप्ति सर्वकल्याणक भाव से करने की परम्परा रही है। जिस समय से हमें शोध आदि कार्य को अपना कर्तव्य न मानकर उसे मजबूरी में किया जाने वाला कार्य माना तबसे वह हमारे लिए एक विकृत मानसिकता बन गया। इस सत्र में प्रो. आरडी राय, प्रो. ईश्वर शरण विश्वकर्मा तथा प्रो. केएन सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में पूर्व कुलपति प्रो.अशोक कुमार, प्रो. श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी, मुख्य नियन्ता प्रो. गोपाल प्रसाद, शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार सिंह, प्रो. संदीप दीक्षित, प्रो. नन्दिता सिंह, प्रो. शिखा सिंह, प्रो. अजय शुक्ल, डॉ. मनोज द्विवेदी, डॉ प्रेम प्रकाश आदि मौजूद रहे।
BY- Dheerendra Gopal
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
6 Nov 2017, 7:57 AM IST
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश




