gorakhpur news,student,eve teasing,ddu,help line number,ddu vc,
गोरखपुर. दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विवि में हुई छेड़खानी की घटना पर विवि प्रशासन कोई लापरवाही करना नहीं चाहता। छात्राओं के लिये एक हेल्पलाइन नम्बर जारी किया गया है। इसके अलावा अब विवि के सुरक्षाकर्मियों को वाकी-टॉकी से लैस किया जाएगा। नियंता मंडल विवि के सीसीटीवी की नियमित जांच भी करेगा। विवि में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक आपात बैठक बुलाकर कई निर्णय लिए गए। शनिवार को दो छात्राओं के साथ अभद्रता की घटना सामने आई थी। इसके बाद विवि प्रशासन चौकन्ना हो गया था। कुलपति प्रो विजय कृष्ण सिंह द्वारा बुलाई गई आपात बैठक में परिसर की सुरक्षा और कड़ी करने के लिए कई फैसले किए गए ।
।
फ़िलहाल मुख्य नियंता का नम्बर ही हेल्पलाइन नम्बर
निर्णय लिया गया की छात्राओं के लिए एक इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर तत्काल प्रभाव से शुरू कर दिया जाए जिस पर किसी भी समय छात्राएं नियंता को किसी घटना की तत्काल सूचना दे सकें । फिलहाल इसके लिए मुख्य नियंता का मोबाइल नंबर 94 152 110 32 जारी किया गया है जिस पर फोन तथा व्हाट्सएप द्वारा छात्राएं ऐसी किसी घटना की तत्काल सूचना दे सकेंगी। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि बहुत शीघ्र तीन अंको का एक विशेष नंबर भी जारी कर दिया जाएगा जिस पर सूचना मिलने पर तत्काल नियंता मंडल एवं सुरक्षा गार्ड घटनास्थल पर पहुँच जाएंगे।
वाकी-टॉकी से लैस होंगे गार्ड
बैठक में यह भी निर्णय किया गया कि प्रमुख सुरक्षा बिंदुओं पर तैनात गार्डों को वाकी टाकी से लैस किया जाएगा ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल फोर्स पहुंच सके। परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए।
लगेगी शिकायत पेटिका
यह भी निर्णय किया गया कि दोनों परिसरों के कुछ चुनिंदा स्थानों पर शिकायत पेटिका लगाई जाएगी जिसमें छात्राएं निर्भय होकर अराजक तत्वों और घटनाओं की सूचना दे सकेंगी। इसके अलावा केंद्रीय ग्रंथालय, बॉटनिकल गार्डन, दीक्षा भवन सहित प्रमुख स्थलों पर नियंता मंडल और गार्ड औचक निरीक्षण और निगरानी करेंगे।
ये लोग रहे मौजूद
बैठक में मुख्य नियंता प्रो गोपाल प्रसाद, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो रविशंकर सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो विनोद कुमार सिंह, जनसम्पर्क अधिकारी प्रो हर्ष कुमार सिन्हा , विवि अभियंता श्रवण कुमार तथा कर्मचारी संघ अध्यक्ष महेंद्र नाथ सिंह उपस्थित रहे।