पंजाब से तस्करी कर यूपी और बिहार में खपाए जाने के लिए ले जाए जा रहे अवैध अंग्रेजी शराब की खेप गोरखपुर पुलिस ने पकड़ी है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 25.5 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने तस्करी के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें टीम का सरगना भी शामिल है। आरोपियों के पास से एक तमंचा भी मिला है। ट्रक और एक कार को भी पुलिस ने जब्त किया है।
एसपी सिटी विनय कुमार सिंह ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि रात में खोराबार क्षेत्र के रामनगर कड़जहां बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार और दस चक्का ट्रक आता दिखाई दिया। तेज गति से आ रहे ट्रक को पुलिसवालों ने रोकने के लिए हाथ दिया तो ट्रक वाला गाड़ी रोकने की बजाय उनपर ही चढ़ाने की कोशिश किया। एसपी सिटी ने बताया कि ट्रक रोकने के दौरान कार से चल रहे लोगों ने धौस जमाते हुए भद्दी-भद्दी गालियां दी। हालांकि, पुलिस ने ट्रक और कार दोनों को पकड़ लिया और चार लोगों को भी हिरासत में लेने में सफलता पा ली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद के महेन्द्र सिंह और विकास शर्मा, आजमगढ़ के सिम्माडी के संजय राजभर और जौनपुर के असरफपुर के विरेन्द्र राजभर के रूप में हुई है।
इनके पास से रॉयल पटियाला ब्रांड की 180 एमएल की 42,480 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। इसकी कीमत 25,48,800 रुपये आंकी जा रही। पुलिस ने 10 चक्का ट्रक, एक स्विफ्ट डिजायर कार और 32 बोर का देसी तमंचा भी इनके पास से जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 419, 420, 467, 468, 471, 60/63/72 आबकारी एक्ट, 3/25 आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपी महेन्द्र सिंह के अनुसार वे लोग हरियाणा मेड की अंग्रेजी शराब को अवैध तरीके से लाकर यूपी और बिहार में बेचते हैं।