
सपा संरक्षक के जन्मदिन पर सपाइयों ने उठाया यह मुद्दा
समाजवादी पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर पैदल मार्च कर पूर्वान्चल की स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर करने की मांग की। राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने के बाद सपाइयों ने केक काटकर अपने संरक्षक के लंबी उम्र की दुआ की।
गोरखपुर के मंडलायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेज सपाइयों ने बताया कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज पूर्वान्चल की जीवनरेखा है। यहां बिहार व नेपाल तक के मरीज इलाज के लिए आते हैं। सपा सरकार ने मेडिकल कॉलेज में 500 बेड के बाल रोग संस्थान बनाने के लिए धनराशि दी थी लेकिन आजतक वह बन नहीं सका। सपाइयों ने बताया कि गोरखपुर में अभी कुछ दिन पहले 10 डायलसिस यूनिट की शुरुआत की गई थी लेकिन उसमें से छह खराब है। गोरखपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहाल हैं। सरकारी अस्पतालों में गरीब लोग इलाज कराने आते हैं। सपा सरकार हमेशा गरीबों के लिये काम करती रही है। अस्पतालों की दशा खराब होने से गरीब बेहाल है उसे प्राइवेट अस्पतालों में इलाज को मजबूर होना पड़ रहा है।
सपाइयों ने मांग की कि मेडिकल कॉलेज के 500 बेड वाला संस्थान शुरू कराया जाए। अस्पतालों में डॉक्टर्स की तैनाती की जाए और डायलसिस यूनिट की शुरुआत की जाए।
मार्च मेडिकल कॉलेज गेट से मंडलायुक्त कार्यालय तक किया गया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रह्लाद यादव, जियाउल इस्लाम, सांसद प्रवीण निषाद, पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव, राघवेंद्र तिवारी, डॉ.राजेश यादव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Published on:
23 Nov 2018, 9:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.