
Daughter Murder in Greater Noida (Symbolic Image)
Greater Noida: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र ग्रेटर नोएडा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने पहले अपनी 16 साल की नाबालिग बेटी की गला घोटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह खुद फंदे से झूल गया। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही आसपास पूछताछ कर दोनों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मृतकों की पहचान अशोक कुमार और उसकी बेटी संजना के रूप में हुई है। अशोक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के जगनेर थानांर्तगत वाजिदपुर गांव का रहने वाला था। वह फिलहाल ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र के सिरसा की नई कॉलोनी में अपना मकान बनाकर रह रहा था। अशोक कुमार का शव पुलिस को पंखे के हुक से लटकता मिला। जबकि उसकी बेटी का शव जमीन पर पड़ा था।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पड़ोसियों ने पूछताछ में बताया कि मृतक अशोक की नाबालिग बेटी का एक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बात को लेकर कई बार पिता-पुत्री में लड़ाई झगड़े भी होते थे। पड़ोसियों ने ये भी बताया कि रविवार रात को अशोक ने अपनी बेटी को प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हाल में देख लिया था। इसके बाद ही उसने ऐसा खतरनाक कदम उठाया है। हालांकि पुलिस की तरफ से ऐसा कोई बयान अभी तक सामने नहीं आया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि परिजनों और पड़ोसियों ने पूछताछ में जो जानकारी दी है, उसके हिसाब से अशोक अपनी बेटी के प्रेम प्रसंग से काफी परेशान था। रविवार को देर रात पिता-पुत्री में इसी बात को लेकर जोरदार बहस भी हुई थी। हालांकि इसके बाद परिजनों ने दोनों को शांत करवा दिया और अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। इसी बीच रात में किसी समय अशोक ने पहले अपनी बेटी की हत्या की। बाद में खुद फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामा के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
28 Jul 2025 01:19 pm
Published on:
28 Jul 2025 01:19 pm
