
ईरानी पेट्रोलियम मंत्री बिजान नामदार ने ओपेक को तेल उत्पादन बढ़ाने को लेकर चेताया
तेहरान। ईरान के पेट्रोलियम मंत्री बिजान नामदार जांगनेह ने सोमवार को कहा कि यदि पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) ने तेल उत्पादन के संदर्भ में नियमों का पालन नहीं किया तो इसका खामियाजा इसके सदस्य देशों को उठाना पड़ेगा। जांगनेह ने ओपेक अध्यक्ष सुहेल मोहम्मद अल मंजरोउ को इस संबंध में पत्र लिखा। पत्र में उन्होंने लिखकर कहा कि यह फैसला ओपेक के 174वें सम्मेलन में किया गया था कि सदस्य निर्धारित मात्रा से अधिक तेल का उत्पादन नहीं करेंगे।
ओपेक की मासिक रिपोर्ट
ओपेक की हालिया मासिक रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2018 में कुछ सदस्य देशों का उत्पादन स्तर उन्हें आवंटित उत्पादन स्तर से बहुत अधिक था। जांगनेह ने कहा, 'यह समझौते का उल्लंघन है।' बता दें कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब से अपना तेल निर्यात बढ़ाने को कहा था।
ट्रंप पर अपमानजक टिप्पणी करने का आरोप
वहीं, इससे पहले ईरान के पेट्रोलियम मंत्री ने अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अपमानजक और हस्तेक्षेपी टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। बिजान नामदार जांगनेह ने कहा कि ट्रंप ने हाल ही में पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) को लेकर अपमानजक बातें की थीं।
कच्चे तेल के बाजार में राजनीतिक हस्तक्षेप गलत
ईरानी पेट्रोलियम मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि कच्चे तेल के बाजार में राजनीतिक हस्तक्षेप होना गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए और आपूर्ति और मांग के अनुरूप तेल की कीमतें निर्धारित की जानी चाहिए।जांगनेह ने कहा कि कुछ राजनीतिक कदम और अस्थिरताओं से तेल बाजार पर असर पड़ा है, जिससे तेल की कीमतें बढ़ी हैं।
Published on:
17 Jul 2018, 2:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.