बगदाद। ईरान ( Iran ) ने अपने सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी ( Qasem Soleimani ) के मौत को बदला लेने के लिए अमरीकी सैन्य बेस ( US Military Base ) को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में मंगलवार देर रात (बुधवार की सुबह) ईरान ने इराक स्थित अमरीकी बेस पर एक के बाद एक कई मिसाइलें दागी है। ईरान का दावा है कि इस हमले में 80 अमरीकी सेना मारे गए हैं।
ईरानी हवाई हमले ( Iran Air Strike ) की पुष्टि इराक ( Iraq ) ने भी की है। इराक ने बताया है कि ईरान ने एक के बाद एक 22 मिसाइलें दागी है। हालांकि इसमें एक भी इराकी नागरिक की मौत नहीं हुई है। लेकिन इराक ने यह नहीं बताया है कि इस हमले में अमरीकी सैनिकों की मौत हुई है या नहीं।
अल असद एयरबेस पर ईरान ने किया हमला
बता दें कि स्थानीय समयानुसार बुधवार की सुबह मध्य इराक स्थित अल असद एयरबेस पर ईरान ने कई रॉकेट दागे। इसमें 80 अमरीकी सैनिकों की मौत हो गई। ईरानी सेना ने दावा किया है कि इराक स्थित अमरीकी सैन्य ठिकानों पर दर्जनभर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया।
ईरान की समाचार एजेंसी इस्ना के मुताबिक, 'आज (बुधवार) सुबह, (ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड) के साहसी लड़ाकों ने 'ओह जाहरा' कोड के साथ आतंकवादी अड्डे और आक्रामक अमरीकी फोर्सेज 'एन अल असद' पर मिसाइलें दाग कर ऑपरेशन शहीद सुलेमानी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।'
इस हमले को लेकर व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति ट्रंप को भी सूचित किया है। फिलहाल पेंटागन इस नुकसान को लेकर आकलन कर रहा है।
बता दें कि बगदाद एयरपोर्ट के पास अमरीकी सेना ने एक ड्रोन हमले में इरानी सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी को मार गिराया था। इसके बाद से दोनों देशों के बीच तल्खी कीफी बढ़ गई है। दोनों देशों में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं।