नई दिल्ली । आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आइएस) से संबंध रखने वाले 300 से अधिक लोगों को इराक की अदालतों ने मौत की सजा सुनाई है। सूत्रों के मुताबिक आइएस से संबंध रखने वाले संदिग्ध लोगों पर उत्तरी इराक के मोसुल और बगदाद की अदालतों में मुकदमें चलाए गए, जहां उन्हें मौत की सजा सुनाई गई। बताया गया है कि राजधनी बगदाद में जनवरी से लेकर अबतक 97 लोगों को मौत की सजा दी जा चुकी है, जबकि 185 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। सजा पाने वालों में सिर्फ पुरुष ही नहीं बल्कि कई महिलाएं भी शामिल हैं। इराक की अदालतों में जिन महिलाओं को सजा सुनाई गई है उनमें से अधिकतर तुर्की और पूर्व सोवियत संघ की हैं।
एक अधिकारी ने बताया है कि मोसुल की एक अदालत ने 212 लोगों को मौत की सजा सुनाई है। बता दें कि इराक ने आइएस के खिलाफ पिछले साल दिसंबर में जीत की घोषणा की थी। इससे पहले आतंकी संगठन आइएस ने इराक के एक तिहाई हिस्से पर कब्जा कर रखा था।